योगी सरकार प्रदेश के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक नई पहल करने जा रही है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए दीपावली मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों के जरिए दिव्यांगजनों को अपने हुनर को पहचान दिलाने और उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने मेले के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने कौशल के दम पर सम्मानजनक आजीविका हासिल कर सकें।
लखनऊ मंडल को 7 लाख, अन्य मंडलों को 3-3 लाख रुपये
प्रदेश के सभी मंडलों में मेले आयोजित करने के लिए बजट निर्धारित किया गया है। लखनऊ मंडल को इसके लिए सात लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि लखनऊ को छोड़कर अन्य प्रत्येक मंडल के लिए तीन लाख रुपये का बजट तय किया गया है।
विभाग ने सभी मंडलों के उपनिदेशकों और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिन मंडलों और जिलों से आयोजन संबंधी प्रस्ताव अभी नहीं मिले हैं, उन्हें जल्द प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है।
दिव्यांगजनों के उत्पादों को मिलेगा सीधा बाजार
दीपावली मेले में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं और अन्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। यहां वे अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों को बेच सकेंगे। इससे उन्हें नए ग्राहक बनाने, उत्पादों का प्रचार करने और बिक्री बढ़ाने का मौका मिलेगा।
सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजन केवल सरकारी सहायता पर निर्भर न रहें, बल्कि अपने हुनर और मेहनत से रोजगार और कमाई के नए रास्ते तैयार करें। यह पहल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मदद करेगी।
दिव्यांगजनों की प्रतिभा को बाजार से जोड़ना प्राथमिकता: राजेश कुमार सिंह
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा और कौशल को उचित मंच देना है। इसी दिशा में सभी मंडलों में दीपावली मेले आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इन मेलों में दिव्यांगजनों के बनाए उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री होगी। इससे उन्हें बेहतर बाजार मिलेगा और आय के नए अवसर पैदा होंगे। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।