उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के साथ जनजीवन सामान्य बनाने में जुटी है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई, जलनिकासी और दवा छिड़काव तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों और पशुओं को बीमारियों से बचाया जा सके।
इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने लखनऊ के मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र के सैंथा और आसपास के बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत कार्यों और लोगों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
बाढ़ के बाद बीमारियों से बचाव पर जोर
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है। प्रदूषित पानी और गंदगी से लोगों और पशुओं में बीमारियां फैलने का खतरा भी रहता है। इसे देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, दवा छिड़काव और जलनिकासी की व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने ड्रोन तकनीक से किए जा रहे दवा छिड़काव का निरीक्षण भी किया। उन्होंने जरूरत के अनुसार अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में भी इस तकनीक का इस्तेमाल करने पर जोर दिया।
राहत शिविरों और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण
नगर विकास मंत्री ने बाढ़ राहत शिविर और राहत चिकित्सा शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पानी उतर चुके इलाकों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और सफाईकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, सफाईकर्मियों और संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा कम किया जा सके।
प्रभावित परिवारों से मिले मंत्री, बांटी राहत सामग्री
निरीक्षण के दौरान अरविंद कुमार शर्मा ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर प्रभावित परिवार तक राहत सामग्री और जरूरी सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना और जनजीवन सामान्य बनाना सरकार की प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।