Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

योगी सरकार की ‘एक जिला, एक व्यंजन’ पहल को मिला ग्लोबल बाजार का मंच, 5 संस्थाओं से हुआ करार

उत्तर प्रदेश की स्थानीय पाक विरासत को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने की दिशा में ‘एक जिला, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल को नया विस्तार मिला है। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (यूपीआईटीएस) के दौरान ओडीओसी ने वॉलमार्ट वृद्धि, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग और बिड़ला एयरकॉन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए।

इसके अलावा सेंट्रल फूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएफटीआरआई) और फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) भी ओडीओसी पहल के साझेदार बने हैं। इन साझेदारियों से प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को बाजार, पैकेजिंग, तकनीकी सहयोग और खाद्य सुरक्षा से जोड़ने के अवसर बढ़ेंगे।

75 जिलों की पाक विरासत को मिला मंच

यूपीआईटीएस-2026 में ओडीओसी पवेलियन में प्रदेश के 75 जिलों की विशिष्ट पाक पहचान को प्रदर्शित किया गया। ‘ब्रज की मिठास’, ‘अवध का जायका’, ‘रुहेली रसधार’, ‘बुंदेली बहार’, ‘पश्चिमी परिमल’ और ‘पुरबिया स्वाद’ जैसे क्षेत्रीय खंडों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय स्वाद और परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया। ओडीओसी का उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को केवल सांस्कृतिक पहचान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें ब्रांडिंग, बाजार और कारोबार से जोड़ना है।

5 दिनों में ₹66.49 करोड़ की कारोबारी गतिविधियां

यूपीआईटीएस-2026 के ओडीओसी हॉल नंबर-16 में 25 से 29 सितंबर तक ₹66.49 करोड़ से अधिक की बी2सी और बी2बी गतिविधियां दर्ज की गईं। इनमें ₹6.76 करोड़ की बी2सी और ₹59.73 करोड़ की बी2बी गतिविधियां शामिल हैं।

इस दौरान कुल 2,223 बी2बी पूछताछ दर्ज की गईं। 25 सितंबर को ₹1.19 करोड़, 26 सितंबर को ₹9.58 करोड़, 27 सितंबर को ₹25.69 करोड़, 28 सितंबर को ₹21.30 करोड़ और 29 सितंबर को ₹8.72 करोड़ की बी2सी और बी2बी गतिविधियां दर्ज हुईं।

पैकेजिंग और खाद्य सुरक्षा पर भी जोर

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग के साथ साझेदारी से स्थानीय उत्पादों की पैकेजिंग को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं सीएफटीआरआई की भागीदारी से खाद्य उत्पादों के तकनीकी पहलुओं को मजबूती मिलेगी।

एफएसएसएआई के साथ जुड़ाव खाद्य सुरक्षा और निर्धारित मानकों पर जोर देता है। दूसरी ओर, वॉलमार्ट वृद्धि के साथ एमओयू से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार और खरीद नेटवर्क से जोड़ने के अवसर बढ़ सकते हैं। बिड़ला एयरकॉन के साथ समझौता भी ओडीओसी के संस्थागत सहयोग के विस्तार को दर्शाता है।

स्थानीय उद्यमियों को बड़े बाजार से जोड़ने की कोशिश

ओडीओसी के जरिए प्रदेश के स्थानीय खाद्य उत्पादों को गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बाजार संपर्क के साथ जोड़ा जा रहा है। यूपीआईटीएस में मिली 2,223 बी2बी पूछताछ और ₹66.49 करोड़ की कारोबारी गतिविधियां इस पहल के तहत हुए व्यापारिक संपर्क को दर्शाती हैं।

बॉक्स: ओडीओसी उद्यमियों को मिले नए कारोबारी अवसर

यूपीआईटीएस-2026 के ओडीओसी लाइव पवेलियन में प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्थानीय उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और नए ग्राहकों से जुड़ने का मौका मिला। गोंडा के कचौड़ी जंक्शन को शुरुआती तीन दिनों में करीब 40 हजार रुपये की बी2सी बिक्री और 150 से अधिक कारोबारी पूछताछ मिली। उन्नाव की सक्षम एंटरप्राइजेज ने करीब 90 हजार रुपये की बिक्री दर्ज की।

आजमगढ़ की लौंगलता, रामपुर का हब्शी हलवा और अयोध्या के मौर्य मिष्ठान भंडार जैसे पारंपरिक उत्पादों को भी ग्राहकों की प्रतिक्रिया मिली। कई प्रतिभागियों को बी2बी पूछताछ और संभावित कारोबारी अवसर भी प्राप्त हुए। ओडीओसी के जरिए प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों को उनकी स्थानीय पहचान के साथ नए बाजार, ग्राहक और व्यापारिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है।