Breaking News

यदि कोई बेटियों से छेड़छाड़ या अपराध का दुस्साहस करेगा तो उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी: योगी     |   ‘J-K, लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग’, चीन-PAK संयुक्त बयान पर MEA ने कहा     |   कर्नाटक संकट: बैठक के बाद केसी वेणुगोपाल बोले- आज राज्यसभा और MLC चुनाव पर चर्चा हुई     |   कर्नाटक संकट को लेकर दिल्ली में जारी कांग्रेस की बैठक खत्म     |   कर्नाटक संकट: कांग्रेस नेताओं के साथ जारी है राहुल गांधी की बैठक     |  

‘लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,100 रुपये, सीएम सैनी ने किया ऐलान

Haryana: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को राज्य में 25 सितंबर से ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ लागू करने की घोषणा की, जिसके तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये की मासिक सहायता दी जाएगी। ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ लागू करना हरियाणा में बीजेपी के चुनावी वादों में शामिल था। सैनी ने हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की। सैनी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का फैसला लिया है।

उन्होंने कहा कि यह योजना दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के दिन यानी 25 सितंबर से लागू होगी। सैनी के मुताबिक, इस योजना के तहत सभी पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 सितंबर से 23 साल और उससे अधिक आयु की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि चाहे विवाहित हों या अविवाहित, दोनों श्रेणियों की महिलाओं को इस योजना का फायदा हासिल होगा। सैनी के अनुसार, ‘‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पहले चरण में हमने उन परिवारों को शामिल करने का फैसला लिया है, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है।’’

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस योजना का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक आय वर्ग को भी इसमें शामिल किया जा सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का, या फिर अगर वह विवाहित है तो उसके पति का, 15 वर्षों से हरियाणा का निवासी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवार में महिला लाभार्थियों की संख्या के लिए कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है और अगर किसी परिवार में तीन पात्र महिलाएं हैं, तो तीनों को इस योजना का लाभ मिलेगा।