केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सरकार NEET पेपर लीक को लेकर हुए छात्र प्रदर्शनों के हर पहलू पर संसद में विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपे, ताकि दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जा सके।अमित शाह ने संसद परिसर के बाहर कहा कि वह स्वयं सदन में मौजूद रहकर विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वह इस मुद्दे पर हर पहलू पर चर्चा करना चाहती है।
‘विपक्ष तय करे कि चर्चा चाहता है या हंगामा’
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार बुधवार दोपहर 3 बजे से गुरुवार दोपहर 3 बजे तक चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, "मैं खुद सदन में बैठूंगा, सभी की बातें सुनूंगा और हर सवाल का जवाब दूंगा। सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है।" उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चर्चा के लिए संसदीय नियम और प्रक्रिया तय हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर मुद्दे पर केवल बयान देने के बजाय संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए।
अमित शाह ने विपक्ष से कहा कि यदि वह NEET मामले पर चर्चा चाहता है तो दोपहर 2 बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को पत्र दे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से चर्चा शुरू की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर अध्यक्ष की अनुमति से प्रश्नकाल को स्थगित कर चर्चा आगे बढ़ाने के लिए सरकार तैयार है।
अमित शाह ने विपक्ष के उन आरोपों पर भी पलटवार किया, जिनमें सरकार पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद का सत्र शुरू होने के बाद से वह लगातार संसद आ रहे हैं और अपने कक्ष में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है, तो कोई व्यक्ति सदन में जाकर क्या कर सकता है।
गृह मंत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार NEET को लेकर छात्र आंदोलनों के हर पहलू पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष खुद चर्चा की मांग कर रहा था और सरकार ने इसके लिए सहमति जताई थी। NEET पेपर लीक और छात्र प्रदर्शनों के बीच सरकार और विपक्ष के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है। संसद की कार्यवाही भी इस मुद्दे को लेकर कई बार बाधित हुई है। विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गृह मंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग की है।
बुधवार को विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ संसद परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘अमित शाह जवाब दो’ के नारे लगाए गए। विपक्ष ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर भी गृह मंत्री पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दिल्ली समेत कई राज्यों में छात्रों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया गया। अब सरकार की ओर से विस्तृत चर्चा की पेशकश के बाद गेंद विपक्ष के पाले में है कि वह चर्चा के लिए तैयार होता है या संसद में विरोध-प्रदर्शन जारी रखता है।