Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

योगी सरकार में डिजिटल शिक्षा से निखरेंगी बेटियों की प्रतिभाएं, खान एकेडमी से सीखेंगी गणित-विज्ञान

योगी सरकार उत्तर प्रदेश में बालिका शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं को खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान की पढ़ाई के लिए डिजिटल अभ्यास का अवसर दिया जा रहा है। इससे छात्राओं को अपनी विषयगत समझ मजबूत करने और नए कौशल सीखने में मदद मिल रही है।

खान एकेडमी की 1 से 15 अक्टूबर की प्रदर्शन रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 96 प्रतिशत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय इस डिजिटल मंच पर पंजीकृत हो चुके हैं। कुल 80,078 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 66,996 छात्राओं ने अपने अकाउंट सक्रिय कर लिए हैं। वहीं, 30,503 छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत हासिल किया है।

सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन

डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में सहारनपुर, गाजियाबाद और खीरी की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सहारनपुर में 92 प्रतिशत, गाजियाबाद में 89 प्रतिशत और खीरी में 81 प्रतिशत छात्राओं ने निर्धारित मासिक लक्ष्य का कम से कम 50 प्रतिशत पूरा किया।

इन आंकड़ों से पता चलता है कि डिजिटल शिक्षण मंच के जरिए छात्राओं को नियमित अभ्यास से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ाने और गणित-विज्ञान जैसे विषयों में पकड़ मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

गणित और विज्ञान में दक्षता बढ़ाने पर जोर

खान एकेडमी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छात्रा को हर महीने गणित और विज्ञान में कम से कम चार-चार कौशलों में दक्षता हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए छात्राओं को प्रोफिशिएंट या मास्टर्ड स्तर तक पहुंचना होता है।

इस डिजिटल मंच पर छात्राएं अपनी गति के अनुसार अभ्यास कर सकती हैं और विषयों को बेहतर तरीके से समझ सकती हैं। नियमित अभ्यास, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालयों में प्रोत्साहन के जरिए छात्राओं को निर्धारित शैक्षिक लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी।

बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना योगी सरकार की प्राथमिकता

योगी सरकार का उद्देश्य प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना है। खान एकेडमी जैसे डिजिटल मंचों के जरिए कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक शिक्षण संसाधनों के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। खान एकेडमी के माध्यम से गणित और विज्ञान में उनकी दक्षता विकसित करने की पहल बालिका सशक्तीकरण को नई दिशा देती है।

वहीं, स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने कहा कि खान एकेडमी के जरिए छात्राओं को गणित और विज्ञान के कौशल विकसित करने के लिए डिजिटल अभ्यास का अवसर मिल रहा है। प्रयास है कि विद्यालयों में इस मंच का प्रभावी उपयोग हो और अधिक से अधिक छात्राएं निर्धारित शिक्षण लक्ष्यों को हासिल कर सकें। डिजिटल शिक्षा की यह पहल प्रदेश की बेटियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ उनकी शैक्षिक क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।