अमेरिका के टेक्सस राज्य में बुधवार को अमेरिकी सेना का एएच-64 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर खेत में क्रैश हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। क्रैश के बाद इलाके में आग लग गई, जिसके चलते आसपास के कई घरों को खाली कराना पड़ा। अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर अमेरिकी सेना का एएच-64 अपाचे था। बेल काउंटी शेरिफ कार्यालय के प्रवक्ता क्लिफ कोलमैन ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार दोनों लोगों की मौत हो गई है।
हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की जांच फोर्ट हुड की क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिवीजन कर रही है। क्लिफ कोलमैन ने बताया कि हेलीकॉप्टर किसी घर या अन्य इमारत से नहीं टकराया था। उन्होंने हादसे को बेहद गंभीर और हिंसक क्रैश बताया। क्रैश के बाद हेलीकॉप्टर के मलबे वाले इलाके में आग लग गई। आग को देखते हुए आसपास के कई घरों को एहतियातन खाली कराया गया। अधिकारियों और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और इलाके को सुरक्षित किया।
फोर्ट हुड के कार्यवाहक कमांडिंग जनरल ब्रिगेडियर जनरल एथन डिवेन ने कहा कि सेना की पहली प्राथमिकता दुर्घटनास्थल को सुरक्षित करना और राहत कार्यों में मदद करना है। उन्होंने कहा, “चालक दल और उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। हम इस हादसे को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।” हादसे की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों का पता चल सकेगा।