योगी सरकार की वृद्धावस्था पेंशन योजना प्रदेश के लाखों बुजुर्गों के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 67.50 लाख पात्र बुजुर्गों को हर महीने 1,000 रुपये की पेंशन दी जा रही है। इससे बुजुर्गों को अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है।
समाज कल्याण विभाग योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही लाभार्थियों के सत्यापन का काम भी तेजी से कर रहा है। सरकार का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि जरूरतमंद बुजुर्गों को नियमित रूप से पेंशन का लाभ मिले।
जौनपुर पहले, आजमगढ़ और गोरखपुर दूसरे-तीसरे स्थान पर
वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ देने के मामले में जौनपुर पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। यहां 2,24,345 बुजुर्गों को हर महीने पेंशन मिल रही है। आजमगढ़ 1,97,129 लाभार्थियों के साथ दूसरे और गोरखपुर 1,72,917 लाभार्थियों के साथ तीसरे स्थान पर है।
इसके अलावा गाजीपुर में 1,69,161, हरदोई में 1,69,105, बलिया में 1,68,241, प्रयागराज में 1,67,536, प्रतापगढ़ में 1,61,656, कुशीनगर में 1,59,964 और अंबेडकर नगर में 1,50,835 बुजुर्ग योजना का लाभ उठा रहे हैं।
हर महीने मिल रहे 1,000 रुपये
बुजुर्गों को उम्र के इस पड़ाव पर आर्थिक परेशानियों से बचाने के लिए सरकार हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दे रही है। नियमित पेंशन से उन्हें अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में इस योजना का संचालन किया जा रहा है।
पात्र लाभार्थियों तक पेंशन पहुंचाने पर जोर
समाज कल्याण विभाग लाभार्थियों के सत्यापन और योजना के बेहतर संचालन पर काम कर रहा है। समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार बुजुर्गों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है। सभी 75 जिलों में 67.50 लाख वृद्धजनों को हर महीने 1,000 रुपये की पेंशन दी जा रही है।