Breaking News

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में SEMICON India 2026 का किया उद्घाटन     |   एअर इंडिया क्रैश पर बोइंग के व्हिसलब्लोअर ने AAIB पर उठाए गंभीर सवाल, मांगा ACARS और AHM डेटा     |   पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन आज, राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू से अमित शाह तक ने दी बधाई     |   वेस्ट एशिया संकट के बीच सरकार का फैसला, पेट्रोल-डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क घटा     |   जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में एनकाउंटर में 2 आतंकी ढेर, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरा     |  

योगी सरकार का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से होगा शुरू, 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचेगा सेवा का संदेश

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की सेवा, सुशासन, जनकल्याण और विकास योजनाओं की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। एक महीने तक चलने वाला यह राज्यव्यापी अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इसके तहत सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी और नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के तहत प्रदेश के 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के 3.51 करोड़ परिवार और 13.01 करोड़ लाभार्थी, जबकि शहरी क्षेत्रों के 68 लाख परिवार और 2.73 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। लाभार्थियों का त्रिस्तरीय डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

12 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए पहुंचेगा सेवा का संदेश

सेवा संकल्प अभियान के दौरान 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ शामिल हैं।

17 सितंबर को ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया’ से अभियान की शुरुआत होगी। शाम 7 बजे घरों और प्रतिष्ठानों पर दीप प्रज्वलित कर सेवा और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा। इसके अलावा अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण और विकास परियोजना स्थलों पर दीप प्रज्वलन जैसे कार्यक्रम होंगे।

विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं

‘मेरे सपनों का भारत: चित्र सेवा’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, जबकि कक्षा 9 से 12 तक चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। उच्च शिक्षण संस्थानों में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय प्रदर्शनी के बाद 7 अक्टूबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी होगी। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री के डिजिटल हस्ताक्षर वाले प्रमाण-पत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।

नुक्कड़ नाटक और डिजिटल रील्स से योजनाओं का प्रचार

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में 18 से 20 कलाकारों की सांस्कृतिक टोलियां बनाई जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सात कार्यक्रम आयोजित होंगे। ग्राम पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

‘सेवा की कहानी’ डिजिटल एवं रील अभियान के तहत 25 लाख लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव पर 60 सेकंड की रील्स तैयार की जाएंगी। इनमें आवास, विद्यालय, पंचायत भवन, पुस्तकालय, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, इनलैंड पोर्ट, मेट्रो, आरआरटीएस और विश्वविद्यालयों से जुड़ी विकास की कहानियां शामिल होंगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय उत्सव

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव और संवाद आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी देने के साथ हेल्दी बेबी शो, बच्चों को कॉमिक बुक्स और खिलौनों का वितरण, फल-मिठाई, अतिरिक्त पोषाहार और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

सेवा ज्योति कलश यात्रा और वडनगर से वाराणसी यात्रा

7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित होगी। प्रमुख चौराहों पर सेवा कलश स्थापित किए जाएंगे और पैदल, साइकिल व बाइक रैलियों के जरिए नागरिक मुख्य आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे। ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का जल लेकर 10 टोलियां काशी से गुजरात के वडनगर जाएंगी। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में चौपाल, जनसंवाद और विकास यात्रा पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेंगे नागरिक

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत नागरिक 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक से जुड़ सकेंगे। इनमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, गांव गोद लेना, योग-ध्यान, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, डिजिटल साक्षरता, अंगदान, पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण और साइबर सुरक्षा जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इसके अलावा फिट इंडिया, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थलों के कायाकल्प का लक्ष्य रखा गया है।

सेवा सेतु शिविरों में मिलेंगी योजनाओं की सुविधाएं

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विकासखंड और नगरीय निकाय स्तर पर पांच से सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र नागरिकों के आवेदन, पात्रता सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी करने की व्यवस्था की जाएगी।

स्वास्थ्य मेले, दिव्यांग कल्याण शिविर और मतदाता पंजीकरण पर भी विशेष जोर रहेगा। वहीं, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के इनोवेशन चैलेंज में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में ओरिएंटेशन व मोटिवेशन कार्यक्रम होंगे।

17 अक्टूबर को होगा अभियान का समापन

17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ अभियान का समापन होगा। इस दौरान ग्राम प्रधानों, सरपंचों और अन्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सेवा एवं सुशासन के 25 वर्षों के अवसर पर प्रधानमंत्री का सम्मान और विकसित भारत-2047 का संकल्प लेने की योजना है। करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के संकल्प लेने और वंदे मातरम् गायन में शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ऐतिहासिक स्मारकों और पर्यटन स्थलों पर विकास यात्रा दर्शाने वाले लेजर शो आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख तीर्थस्थलों और शक्तिपीठों में महायज्ञ व विशेष अनुष्ठान भी प्रस्तावित हैं।