Breaking News

मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग से 7 सर्कुलर आवास में शिफ्ट हो रहा है नीतीश कुमार का सामान     |   'बंगाल में इस बार खेला होगा, भय मुक्त सरकार से दिलाएंगे छुटकारा', बर्धमान की रैली में बोले PM मोदी     |   ईरान-अमेरिका की शांति वार्ता 2 दिन से ज्यादा समय तक चल सकती है     |   कोलकाता: शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व टीएमसी मंत्री पार्थ चट्टोपाध्याय के घर पर ED का छापा     |   कर्नाटक में कैबिनेट बर्थ को लेकर खींचतान, कांग्रेस के 35 विधायक रविवार को दिल्ली पहुंचेंगे     |  

दिल्ली में तापमान लगातार बढ़ रहा , वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

New Delhi: दिल्ली में न्यूनतम तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा और मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम है, लेकिन एक दिन पहले की तुलना में 2.3 डिग्री अधिक है।

वहीं दूसरे मौसम स्टेशनों ने भी न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। पालम में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक था। इसी तरह लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था।

मौसम विभाग ने शनिवार को अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 35-37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार तक न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसी के साथ, शनिवार के दिनभर 10-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।

इस बीच, दिल्ली में सुबह नौ बजे एक्यूआई 126 (मध्यम) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को शाम चार बजे 24 घंटे का औसत एक्यूआई 151 (मध्यम) दर्ज किया गया था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली यानी एक्यू ईडब्ल्यूएस ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रहेगा।