Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

तमिलनाडु चुनाव: कांग्रेस और बीजेपी ने जारी की 27-27 उम्मीदवारों की सूची

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने शुक्रवार को आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 27 उम्मीदवारों की सूची जारी की। मुख्य उम्मीदवारों में तमिलनाडु कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई को श्रीपेरंबुदूर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है, जबकि पूर्व सांसद डॉ. ए. चेल्ला कुमार कृष्णागिरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में पोंनेरी (एससी) से दुरई चंद्रशेखर, इरोड (ईस्ट) से गोपीनाथ पलनियप्पर और तिरुवदानई से रामा करुमनिक्कम शामिल हैं। इन उम्मीदवारों का चयन केंद्रीय चुनाव समिति ने विचार-विमर्श के बाद किया है।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी एनडीए के भीतर बातचीत के बाद तमिलनाडु चुनाव के लिए 27 उम्मीदवारों की अपनी सूची जारी की है। 23 अप्रैल 2026 को होने वाले चुनाव के लिए जारी इस सूची ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है, क्योंकि पार्टी के प्रमुख नेता के. अन्नामलाई का नाम सूची में शामिल नहीं है। हालांकि तमिलिसाई सुंदरराजन (मायलापुर), वनाथी श्रीनिवासन (कोयंबटूर नॉर्थ) और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन (अविनाशी) जैसे वरिष्ठ नेताओं को टिकट दिया गया है।

अन्नामलाई को पार्टी का आक्रामक चेहरा माना जाता है, जिन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। पार्टी नेतृत्व पहले ही संकेत दे चुका है कि उनकी संगठनात्मक क्षमता का उपयोग राष्ट्रीय स्तर पर किया जा सकता है।तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है। राज्य में मुख्य मुकाबला द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) और एनडीए के बीच माना जा रहा है, जिसमें एआईएडीएमके, भाजपा और पीएमके शामिल हैं।