Breaking News

लेबनान पर हमले नहीं रुके तो सीजफायर टूट जाएगा: ईरान की US को धमकी     |   महरौली हादसा: बिल्डिंग के मालिक मंगल सिंह अरेस्ट     |   भारत 11-12 जून को नई दिल्ली में 13वें BRICS अर्बनाइजेशन फोरम की मेजबानी करेगा     |   दक्षिण लेबनान में 3 महीने की सैन्य कार्रवाई में 550 से अधिक आतंकी ढेर: IDF का दावा     |   लेबनान पर हमलों के बीच ईरान ने US से मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान रोका     |  

Tamil Nadu: मुख्यमंत्री विजय तिरुचिरापल्ली का करेंगे दौरा, मतदाताओं को देंगे धन्यवाद

Tamil Nadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय सोमवार को तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे तथा मतदाताओं का धन्यवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का आज शाम तिरुचिरापल्ली आने का कार्यक्रम है और उनके आने से पहले पुलिस ने यातायात में बदलाव लागू कर दिए हैं। विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के सत्ता में आने के बाद से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के चार विधायक सहित पार्टी के कई अन्य सदस्य टीवीके में शामिल हो गए हैं।

इस कार्यक्रम में एआईएडीएमके के एक नेता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के सत्तारूढ़ दल में शामिल होने की उम्मीद है। यह अचानक बदलाव विधानसभा चुनाव के बाद एआईएडीएमके में जारी राज्यव्यापी संकट को दर्शाता है। इस चुनाव में एआईएडीएमके तीसरे स्थान पर सिमट गई और उसके केवल 47 विधायक ही चुनकर आए। इनमें से चार विधायक पद से इस्तीफा देने के कुछ ही घंटों बाद टीवीके में शामिल हो गए।

राज्य के पूर्व मंत्री डॉ. सी. विजयभास्कर ने पिछले सप्ताह अपने समर्थकों से परामर्श किया था। उन्होंने कहा कि वे जल्द अपनी अगली राजनीतिक रणनीति की घोषणा करेंगे। एक अन्य पूर्व मंत्री सी. वी. षणमुगम ने 13 मई को विधानसभा में विश्वासमत परीक्षण के दौरान अपने सहयोगियों द्वारा ‘क्रॉस वोटिंग’ किये जाने के बावजूद पार्टी महासचिव ई़ के पलानीस्वामी से मुलाकात नहीं की थी।

वहीं, दूसरी ओर एस. पी. वेलुमणि और अन्य बागी विधायकों ने हाल में पलानीस्वामी से मुलाकात की और उनके नेतृत्व को स्वीकार करते हुए ‘‘एकजुट और मजबूत एआईएडीएमके’’ के रूप में कार्य करने पर सहमति जताई। षणमुगम ने अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है हालांकि वेलुमणि का कहना है कि षणमुगम अब भी उनके साथ हैं। हाल में टीवीके के सहयोगी वामपंथी दलों और विदुलथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) ने अन्नाद्रमुक के सदस्यों को पार्टी में शामिल करने का विरोध किया और कहा कि दलबदल को बढ़ावा देना "अस्वास्थ्यकर राजनीति" है।

मुख्यमंत्री 10 मई को मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद अपनी पहली रैली को संबोधित करेंगे। टीवीके अध्यक्ष ने 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में तिरुचिरापल्ली पूर्व और पेरम्बूर दोनों विधानसभा क्षेत्रों से जीत हासिल की थी।

उन्होंने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट खाली कर दी थी जबकि चेन्नई में पेरम्बूर सीट बरकरार रखी थी। टीवीके सूत्रों के अनुसार, विजय निजी विमान से चेन्नई से रवाना होंगे और लगभग शाम चार बजे तक तिरुचिरापल्ली पहुंचेंगे। वह यहां सेंट जोसेफ कॉलेज में आयोजित एक जनसभा में मतदाताओं को धन्यवाद देंगे। मुख्यमंत्री के टीवीके कार्यकर्ताओं से भी बातचीत करने और तिरुचिरापल्ली में जारी परियोजनाओं की समीक्षा करने की उम्मीद है।

विजय का ये दौरा पार्टी के भीतर जारी एक अभियान का हिस्सा है,जिसके तहत सभी टीवीके विधायकों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को धन्यवाद देने का निर्देश दिया गया है।
इस बीच, टीवीके ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुलिस के दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की। केवल 5,000 लोगों को ही इस कार्यक्रम में शामिल होने की अनुमति होगी, जिन्हें क्यूआर कोड प्रवेश पास जारी किए गए हैं।

पार्टी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘क्यूआर कोड प्रवेश पास जारी किए जा चुके हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिलाओं, बच्चों, स्कूली छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग व्यक्तियों और स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त लोगों को क्यूआर कोड पास नहीं दिए गए हैं, इसलिए उनसे अनुरोध किया गया है कि वे कार्यक्रम में नहीं आएं।’’