Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आवारा कुत्ते ने 60 लोगों को किया घायल

मध्यप्रदेश के शिवपुरी में एक आवारा कुत्ते ने शहर के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों को काट लिया जिससे दो साल की एक बच्ची सहित करीब 60 लोग घायल हो गए। पीड़ितों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें शनिवार को जिला अस्पताल और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
कुत्ते द्वारा बड़ी संख्या में लोगों को काटे जाने की सूचना के बाद नगर परिषद ने अभियान चलाकर उसे कब्जे में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग के एक आवारा कुत्ते ने शहर के कई इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाया।

सबसे गंभीर घटना लक्ष्मीबाई कॉलोनी में हुई, जहां अपने घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची पर कुत्ते ने हमला कर दिया। बच्ची के परिजनों ने बताया कि उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आई है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बच्ची को जानवर से बचा लिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि कुत्ते द्वारा काटे जाने के कारण घायल करीब 60 लोग जिला अस्पताल और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचे।

सभी को तत्काल रेबीज रोधी टीके लगाए गए और जरूरी चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया। शिवपुरी नगर परिषद के मुख्य नगर अधिकारी इशांक धाकड़ ने पुष्टि की कि कुत्ते को पकड़ लिया गया। धाकड़ ने कहा कि प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित दलों को निर्देश जारी किए गए हैं।

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले उच्चतम न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में मानव जीवन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेबीज से संक्रमित, लाइलाज बीमारी से ग्रस्त या खतरनाक आवारा कुत्तों को ‘‘जान से मारने’’ (यूथेनेशिया) की अनुमति दे दी थी और कहा था कि सम्मान के साथ जीवन जीने के अधिकार में कुत्तों से नुकसान या हमले के डर के बिना स्वतंत्र रूप से घूमने-फिरने का अधिकार भी शामिल है।

इस बीच, शिवपुरी के लोगों ने शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे के बारे में चिंता व्यक्त की है और स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि अतीत में कई बार शिकायतें की गई थीं, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने से जन सुरक्षा खतरे में पड़ गई। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आक्रामक या संदिग्ध जानवर की सूचना तत्काल अधिकारियों को देने की अपील की है।