मानसून सीजन में ढाई महीने की रोक के बाद, गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चिनाब नदी में राफ्टिंग फिर से शुरू हो गई। इस गतिविधि को रोक दिया गया था क्योंकि मानसून सीजन में नदी की स्थितियों में अचानक बदलाव से राफ्टिंग जोखिम भरी हो जाती है। रिवर राफ्टिंग दोबारा शुरू होने से उन लोगों के चेहरे खिल गए हैं जिनकी रोजीरोटी इससे जुड़ी हुई है। वे उम्मीद लगाए हैं कि आने वाले दिनों में उनके कारोबार में तेजी आएगी।
रियासी के खूबसूरत नजारों के बीच रोमांच का अनुभव करने के लिए गुरुवार को बड़ी संख्या में पर्यटक चिनाब नदी के किनारे पहुंचे। रिवर राफ्टिंग फिर से शुरू होने से रियासी के पर्यटन में रोमांच का अहसास कराने वाली गतिविधि जुड़ गई है। इससे इलाके के गाइड, ऑपरेटर और उन कामगरों के लिए रोजगार के मौके पैदा हुए हैं जो इस सीजन पर निर्भर हैं।