Breaking News

योगी आदित्यनाथ कर्तव्य भवन पहुंचे, गृहमंत्री अमित शाह से करेंगे मुलाकात     |   बांकीपुर से वीणा मानवी का नामांकन रद्द     |   जेल में बंद आसाराम ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट से फिर लगाई गुहार     |   कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल: 1 महीने के उच्चतम स्तर 86 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा ब्रेंट क्रूड     |   J-K के सांबा जिले में ड्रोन मार गिराया गया     |  

कर्नाटक के वरिष्ठ BJP नेता रामचंद्र गौड़ा का निधन, PM मोदी समेत कई नेताओं ने जताया शोक

कर्नाटक के वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र गौड़ा का मंगलवार को 88 वर्ष की उम्र में बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "वरिष्ठ भाजपा नेता रामचंद्र गौड़ा जी के निधन से गहरा दुख हुआ।"

उन्होंने कहा कि रामचंद्र गौड़ा कर्नाटक में भाजपा के मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने कई दशकों तक पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने में अहम भूमिका निभाई। पीएम मोदी ने कहा कि पार्षद, विधान परिषद सदस्य (MLC) और मंत्री के रूप में उनका सार्वजनिक जीवन समर्पण और जनसेवा का उदाहरण रहा। उन्होंने परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "ॐ शांति।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि रामचंद्र गौड़ा ने जीवनभर राष्ट्रवाद की विचारधारा के लिए काम किया और कर्नाटक में भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप में भी उन्होंने बेहतर प्रशासन और जनसेवा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। शाह ने उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए "ॐ शांति" कहा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी रामचंद्र गौड़ा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि गौड़ा ने भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी को कर्नाटक में मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई। नड्डा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा जनता के हितों को प्राथमिकता दी और राज्य के विकास के लिए लगातार काम किया। उन्होंने भी परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।