कॉमेडियन समय रैना अपने मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं। ‘India’s Got Latent 2’ के हालिया एपिसोड में उन्होंने अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह की व्लॉगिंग को लेकर ऐसा तंज कसा, जिसका एक्ट्रेस ने भी तुरंत करारा जवाब दे दिया। अर्चना की हाजिरजवाबी सुनकर शो में मौजूद दर्शक भी तालियां बजाने लगे।
इस एपिसोड में अर्चना पूरन सिंह के साथ ओरहान अवत्रामानी (Orry) पैनल में नजर आए। शो के दौरान एक कंटेस्टेंट एआर तिवारी ने भोजपुरी शायरी पेश की। समय ने उनसे पूछा कि शायरी के अलावा वह और क्या करते हैं। इस पर कंटेस्टेंट ने बताया कि वह डांस करते हैं, व्लॉग बनाते हैं और रैप भी करते हैं।
कंटेस्टेंट के व्लॉगिंग का जिक्र करते ही समय ने अर्चना पर चुटकी लेते हुए कहा, “तुमने व्लॉग कहा? व्लॉगिंग करने के लिए टैलेंट की जरूरत नहीं होती।” समय के इस तंज पर अर्चना चुप नहीं रहीं और उन्होंने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “गालियां देना टैलेंट है।” अर्चना का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद दर्शक जोर-जोर से हंसने लगे और तालियां बजाने लगे। इस पर समय भी कुछ पल के लिए कोई जवाब नहीं दे पाए।
हालांकि, इसके बाद समय ने अर्चना की मशहूर हंसी को लेकर भी कई मजाक किए और पूरे एपिसोड में उनके साथ हंसी-मजाक का सिलसिला जारी रखा। समय ने अर्चना का परिचय देते हुए उनकी फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के किरदार ‘मिस ब्रगांजा’ को भी याद किया। इसके बाद उन्होंने अर्चना के फैमिली व्लॉग्स पर मजाक करते हुए कहा कि उन्होंने उनके व्लॉग्स देखे हैं और उनके पति और बेटे कुछ काम नहीं करते।
समय ने मजाक में कहा कि अर्चना के घर में ‘रिवर्स पैट्रियार्की’ चल रही है, क्योंकि परिवार में सिर्फ महिलाएं काम कर रही हैं। इस दौरान अर्चना के दोनों बेटे आर्यमान और आयुष्मान सेठी फ्रंट रो में बैठे थे और समय के मजाक पर हंस रहे थे। अर्चना ने भी मजाकिया अंदाज में उन्हें कहा कि उन्होंने पहले ही फ्रंट रो में न बैठने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा, “यहां बैठकर आपको फेम नहीं मिलेगा, बल्कि आपकी बेइज्जती होगी।”
अर्चना पूरन सिंह ने अपने परिवार के साथ दिसंबर 2024 में व्लॉगिंग की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने पति परमीत सेठी और दोनों बेटों आर्यमान और आयुष्मान के साथ मिलकर ‘AAAP Ka Parivaar’ नाम से YouTube चैनल शुरू किया था। इस चैनल पर वह अपने परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी और मजेदार पलों से जुड़े वीडियो शेयर करती हैं।