दीपोत्सव-2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए योगी सरकार ने विशेष इंतजाम किए हैं। आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की गई हैं। इसके अलावा मोबाइल चिकित्सा टीमें भी श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार देंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अयोध्या के 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड भी आरक्षित रखे हैं। जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल इलाज मिल सकेगा। इसके लिए मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है।
राम की पैड़ी से कनक भवन तक एंबुलेंस की व्यवस्था
दीपोत्सव के दौरान लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, नागेश्वरनाथ, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), कारसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमानगुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा), कनक भवन मंदिर परिसर और कंट्रोल रूम सहित 12 स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इनके जरिए जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता दी जाएगी और आवश्यकता होने पर अस्पताल पहुंचाया जाएगा।
12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित
स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी चिकित्सा केंद्रों के साथ निजी अस्पतालों में भी इलाज की व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश के अनुसार, अयोध्या के 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
इनमें अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षण हृदय संस्थान, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल मेडिकल सर्जिकल मैटरनिटी नर्सिंग होम, निर्मला हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल और संजाफी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर शामिल हैं। इन अस्पतालों को आकस्मिक चिकित्सा के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार रखने और मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं।
राम की पैड़ी पर मोबाइल चिकित्सा टीमें रहेंगी तैनात
मेला क्षेत्र में मोबाइल चिकित्सा टीमों की भी तैनाती की गई है। राम की पैड़ी समेत प्रमुख आयोजन स्थलों पर ये टीमें श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और जरूरी चिकित्सा सहायता देंगी। दिन और रात के अलग-अलग समय के लिए ड्यूटी तय की गई है, ताकि हर समय जरूरतमंदों को मदद मिल सके।
स्वास्थ्य सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दीपोत्सव के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी पर श्रद्धालु मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के नंबर 8881004894 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मेला अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राममणि शुक्ला के मोबाइल नंबर 9451085935 पर भी सहायता ली जा सकती है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एंबुलेंस, मोबाइल चिकित्सा टीमों और अस्पतालों में आरक्षित बेड के जरिए आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।