Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

रिलीज होते ही छाई रणबीर कपूर की 'Ramayana', दर्शकों ने विजुअल्स और VFX की जमकर की तारीफ

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' गुरुवार को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म के पहले शो के बाद दर्शकों की शानदार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। दर्शकों ने फिल्म के भव्य विजुअल्स, शानदार VFX, कलाकारों के अभिनय और संगीत की तारीफ की है। कुछ दर्शकों ने इसे भारतीय सिनेमा का यादगार अनुभव बताया।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआती शो देखने वाले कई दर्शकों ने उनके अभिनय की खास तौर पर सराहना की। एक दर्शक ने रणबीर को शानदार कलाकार बताते हुए कहा कि उन्होंने भगवान राम के किरदार को बेहद अच्छे तरीके से निभाया है। कुछ दर्शकों ने तो फिल्म को दो से तीन बार देखने की इच्छा भी जताई।

रणबीर कपूर के राम के किरदार ने जीता दिल

फिल्म में रणबीर कपूर के हाव-भाव, चेहरे की मासूमियत और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने पसंद किया। एक दर्शक ने कहा कि रणबीर के चेहरे पर भगवान राम जैसी शांति और मासूमियत दिखाई देती है। उनके पर्दे पर आते ही मन को सुकून मिलता है। दर्शकों का मानना है कि रणबीर ने भगवान राम जैसे सम्मानित और महत्वपूर्ण किरदार की जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाया है।

यश के रावण की भी हो रही तारीफ

फिल्म में यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। दर्शकों ने उनके दमदार अंदाज और एक्शन सीक्वेंस की तारीफ की। एक दर्शक ने कहा कि यश को फिल्म में काफी प्रभावशाली और खतरनाक अंदाज में दिखाया गया है।

फिल्म में साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। दर्शकों ने बाकी कलाकारों के अभिनय को भी सराहा है। अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में नजर आ रहे हैं। उन्हें इस भूमिका में देखकर कुछ दर्शक भावुक भी हुए।

VFX और जटायु युद्ध का दृश्य बना आकर्षण

फिल्म के बड़े स्तर पर तैयार किए गए विजुअल इफेक्ट्स और एक्शन सीक्वेंस शुरुआती दर्शकों को खासे पसंद आए हैं। जटायु युद्ध के दृश्य को फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में गिना जा रहा है। दर्शकों ने कहा कि फिल्म में हर छोटे-बड़े दृश्य पर बारीकी से काम किया गया है।

आठ बार ऑस्कर जीत चुके विजुअल इफेक्ट्स और प्रोडक्शन स्टूडियो DNEG ने फिल्म के VFX पर काम किया है। दर्शकों ने सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन और तकनीकी प्रस्तुति की भी तारीफ की।

एआर रहमान और हंस जिमर का संगीत

फिल्म का संगीत भी चर्चा में है। भारतीय संगीतकार एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर ने पहली बार इस प्रोजेक्ट के लिए साथ काम किया है। हंस जिमर का यह भारतीय सिनेमा में पहला प्रोजेक्ट है। फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर इसके एक्शन और भावनात्मक दृश्यों को और प्रभावशाली बनाता है।

नितेश तिवारी ने किया निर्देशन

'रामायण: पार्ट 1' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसकी कहानी की पटकथा श्रीधर राघवन ने सह-लिखी है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और अरुण गोविल अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। इसे दो भागों में बनाने की योजना है। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने वाला है।