मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को दलितों और वंचितों की प्रखर आवाज बताते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे और उन्होंने सामाजिक चेतना को नई दिशा देने का काम किया।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि की श्रद्धांजलि सभा में उन्हें याद किया। मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भजन भी प्रस्तुत किए गए।
‘दलितों और वंचितों के अधिकार के लिए लगातार काम किया’
सीएम योगी ने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले बिहार में रामविलास पासवान जैसे युवा नेता का राजनीतिक उदय हुआ, जिन्होंने दलितों और वंचितों की आवाज को मजबूती से उठाया। बिहार की जनता ने उन्हें बड़े सम्मान के साथ सबसे अधिक मतों से जिताकर संसद भेजा।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने भारतीय राजनीति के जरिए सामाजिक चेतना को जागरूक करने और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
‘संसद में हमने साथ काम किया’
मुख्यमंत्री ने कहा कि बतौर सांसद उन्हें भी रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में काम करने का अवसर मिला। उनके मन में भारतीय परंपरा के प्रति हमेशा श्रद्धा और सम्मान रहा।
सीएम योगी ने कहा कि दलित और वंचित समाज को न्याय मिले और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान मिले, इसके लिए रामविलास पासवान ने लगातार काम किया। उन्होंने जो कहा, उसी के अनुरूप अपना जीवन भी जिया।
‘बिहार जैसा सम्मान यूपी में भी दिलाएंगे’
मुख्यमंत्री ने रामविलास पासवान की पुण्यतिथि को राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित करने के लिए बिहार सरकार का आभार जताया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में श्रद्धांजलि सभा के आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का भी धन्यवाद किया। सीएम योगी ने विश्वास दिलाया कि रामविलास पासवान को बिहार में जो सम्मान मिला है, वही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिलाया जाएगा।
‘चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान की कमी हमेशा महसूस होती है, लेकिन संतोष है कि उनके पुत्र चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय मंत्री के रूप में चिराग पासवान विभिन्न मंचों पर अपनी आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं।
‘रामविलास जी की सहजता हर किसी का दिल छू लेती थी’
सीएम योगी ने कहा कि रामविलास पासवान ने बिना किसी भेदभाव के सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया। अटल बिहारी वाजपेयी और नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री रहते हुए भी उनका व्यवहार बेहद सहज और स्नेहपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी जनसभाओं से लेकर अन्य अवसरों तक रामविलास पासवान की सहजता और सदाशयता हर किसी के दिल को छू लेती थी।