भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ओडिशा में अगले 48 घंटों के दौरान अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। IMD ने संबलपुर, बौध, कालाहांडी, सुबरनपुर (सोनपुर) और अंगुल जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, राज्य के कई अन्य जिलों में भी गरज-चमक और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की स्थिति बन सकती है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है। IMD ने 4 जुलाई से 6 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान बंगाल की खाड़ी और तटीय इलाकों में समुद्र बहुत उग्र रहने की संभावना है।
साथ ही, ओडिशा के बंदरगाहों के लिए लोकल कॉशनरी सिग्नल-3 (LCS-III) जारी किया गया है। बंदरगाह प्रशासन और समुद्री गतिविधियों से जुड़े लोगों को जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भुवनेश्वर मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि राज्य में 1 जुलाई से 6 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि अच्छी बारिश की संभावना को देखते हुए खेती से जुड़े कार्य जारी रखें। वहीं, पुरी जिले के लिए भी शनिवार और रविवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी भारी बारिश होने की संभावना है।