Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

Rahul Gandhi की इंस्टाग्राम स्टोरी ने खींचा सबका ध्यान, शेयर की Riteish-Genelia की रोमांटिक फोटो

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। इस बार राहुल ने अभिनेता रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया डिसूजा की एक तस्वीर शेयर की है। खास बात यह है कि यह तस्वीर राहुल गांधी के हाल ही में अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के रिश्ते को लेकर सुनाए गए किस्से से जुड़ती नजर आ रही है।

राहुल गांधी ने रितेश देशमुख की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। उन्होंने तस्वीर के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा, लेकिन शाहरुख खान की आने वाली फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’ जरूर जोड़ा।

रितेश-जेनेलिया की तस्वीर में क्या है खास?

रितेश देशमुख ने जो तस्वीर शेयर की थी, उसमें जेनेलिया उनकी गोद में बैठी नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ लिखा था, “दो लोगों के लिए टेबल, लेकिन कुर्सी सिर्फ एक।”

राहुल गांधी की स्टोरी में यही तस्वीर लोगों का ध्यान खींच रही है, क्योंकि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey Of Love’ के लॉन्च कार्यक्रम में अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ी एक याद साझा की थी।

राहुल गांधी ने सुनाया था बचपन का किस्सा

सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक दिलचस्प याद सुनाई थी। उन्होंने बताया था कि उनके माता-पिता अक्सर साथ खाना खाते थे और उस दौरान उनकी मां सोनिया गांधी, पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं।

राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते और उनके माता-पिता को इस तरह साथ नहीं बैठा देखते, तो उन्हें हैरानी होती थी।

उन्होंने अपने अनुभव को याद करते हुए कहा, “मैंने अपने माता-पिता को सिर्फ एक बार झगड़ते देखा था। मैंने किसी दूसरे घर में ऐसा नहीं देखा। हर बार खाना खाते हुए पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं।” राहुल ने आगे बताया कि वह अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं। उनके लिए यह बचपन की एक सामान्य आदत थी।

राहुल के बयान पर हुई थी राजनीतिक चर्चा

राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक विरोधियों ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उनके माता-पिता के रिश्ते को लेकर कही गई बात सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई थी। अब रितेश और जेनेलिया की तस्वीर को राहुल गांधी की इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए जाने के बाद एक बार फिर यह किस्सा चर्चा में आ गया है।