Breaking News

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज     |   चंदा चोरी केस: SIT की सिफारिश के बाद राम जन्मभूमि ट्रस्ट की शिकायत पर FIR दर्ज     |   भारत के हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेशी राष्ट्रपति को परिचय पत्र सौंपा     |   उत्तर प्रदेश: संभल में राइस मिल में हादसा, टैंक में घुसे 2 मजदूरों की मौत     |   बिहार: PMCH के प्रिंसिपल डॉक्टर नरेंद्र प्रताप सिंह पर गिरी गाज, पद से हटाए गए     |  

Shraddha Kapoor की 'Eetha ' का दमदार टीजर रिलीज, विठाबाई के संघर्ष और जुनून की दिखी झलक

श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित बायोपिक फिल्म 'ईथा' का आधिकारिक टीजर रिलीज हो गया है। यह फिल्म महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार और तमाशा-लावणी की दिग्गज प्रस्तोता विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। टीजर में उनके संघर्ष, साहस और कला के प्रति समर्पण की भावनात्मक झलक दिखाई गई है।

टीजर का सबसे चर्चित दृश्य वह है, जिसमें श्रद्धा कपूर द्वारा निभाया गया ईथा का किरदार मंच के पीछे प्रसव पीड़ा से जूझता नजर आता है। प्रसव के बाद वह खुद ही नाल काटती है और तुरंत मंच पर लौटकर प्रस्तुति देती है। यह दृश्य उनके अदम्य साहस और कला के प्रति जुनून को दर्शाता है। टीजर का एक संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ईथा कहती हैं, "पड़ी-पड़ी मरी तो बेचारी कहलाऊंगी, नाचते हुए मरी तो मिसाल बन जाऊंगी।" इस संवाद ने दर्शकों का ध्यान खींचा है और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है, जबकि निर्माण दिनेश विजान के मैडॉक फिल्म्स बैनर तले हुआ है। यह फिल्म विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर के जीवन और विरासत को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी, जिन्हें महाराष्ट्र की सबसे प्रतिष्ठित तमाशा और लावणी कलाकारों में गिना जाता है।फिल्म की चर्चा आधिकारिक डिजिटल रिलीज से पहले ही शुरू हो गई थी।

19 जून को रिलीज हुई फिल्म 'कॉकटेल 2' के सिनेमाघर प्रदर्शनों के दौरान इसका एक विशेष वीडियो दिखाया गया था, जिसके मोबाइल रिकॉर्डिंग क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे। 'ईथा' में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने तैयार किया है। यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।