राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह दिल्ली की हवा बेहद जहरीली हो गई। सुबह 7:31 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 494 दर्ज किया गया। घने कोहरे और प्रदूषण की वजह से कई इलाकों में दृश्यता भी कम हो गई। वहीं, शहर के कई हिस्सों में AQI गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, IIT दिल्ली में सबसे ज्यादा 488 AQI दर्ज किया गया। इसके अलावा ITO में 455, आनंद विहार में 419, रोहिणी में 413 और राजोकरी बॉर्डर पर 402 AQI रिकॉर्ड किया गया। ये सभी इलाके गंभीर प्रदूषण की श्रेणी में रहे।
वहीं, आरके पुरम में AQI 391, मंदिर मार्ग पर 378, द्वारका एक्सप्रेसवे पर 369, उत्तम नगर में 363 और लोधी रोड पर 341 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके बेहद खराब श्रेणी में रहे। हालांकि, धौला कुआं के आसपास AQI 161 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार की कोशिशें जारी
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार की ओर से कई कदम उठाए जा रहे हैं। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम करने के लिए राजधानी के अलग-अलग इलाकों में पानी के छिड़काव के लिए स्प्रिंकलर लगाए गए हैं।
सौरभ भारद्वाज ने CPCB के आंकड़ों पर उठाए सवाल
इस बीच दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के AQI आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली के लोगों को प्रदूषण का वास्तविक स्तर नहीं बताया जा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि दिल्ली में प्रदूषण का वास्तविक स्तर सरकारी आंकड़ों में दिखाए गए स्तर से करीब 49 प्रतिशत अधिक था।
उन्होंने कहा कि अगर AQI 370 दिखाया गया था, तो वास्तविक स्तर 560 या उससे भी अधिक हो सकता था। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के आंकड़ों में गड़बड़ी केवल आंकड़ों का मामला नहीं है, बल्कि इससे दिल्ली के दो करोड़ लोगों, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत प्रभावित हो रही है।
रिपोर्ट में 255 घंटे के आंकड़े गायब होने का दावा
दरअसल, CREA की रिपोर्ट में दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों से मिले हर घंटे के PM2.5 आंकड़ों का अध्ययन किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे के बीच 255 घंटे के स्टेशन रिकॉर्ड गायब पाए गए।
रिपोर्ट में PM2.5 का 24 घंटे का औसत स्तर 269 से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होने की बात कही गई। यानी इसमें करीब 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इसी रिपोर्ट के आधार पर सौरभ भारद्वाज ने सरकारी प्रदूषण आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, आंकड़ों में हेरफेर को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।