Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

PM मोदी ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से की बात, कहा- पूरे देश को आप पर गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बात की। कैप्टन स्मित ने अपने सह-पायलट के हमले के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान में सवार 180 लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। प्रधानमंत्री ने उनके साहस, सूझबूझ और मुश्किल समय में धैर्य बनाए रखने की सराहना की।

पीएम मोदी ने बातचीत की शुरुआत कैप्टन स्मित के स्वास्थ्य के बारे में पूछकर की। उन्होंने कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस समय कैप्टन गंभीर रूप से घायल थे, उस वक्त भी उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों की जान बचाने के लिए कदम उठाया।

पीएम मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित ने कुछ ही पलों में फैसला लेकर कई लोगों की जान बचाई। उन्होंने कहा कि इस घटना से देशवासियों को गर्व है कि भारतीय दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं।

हमले के बाद भी कॉकपिट तक पहुंचे कैप्टन स्मित

कैप्टन स्मित ने प्रधानमंत्री को बताया कि हमले के दौरान वह अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्हें इतनी चोटें आई थीं कि वह नीचे गिर गए थे। लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि विमान नीचे जा रहा है और अगर उन्होंने कुछ नहीं किया तो कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता है।

उन्होंने बताया कि विमान उड़ाने का 11 साल का अनुभव होने के कारण उन्हें आंखें बंद होने पर भी विमान की स्थिति का अंदाजा रहता है। घायल होने के बावजूद उन्होंने खुद को घसीटते हुए कॉकपिट के दरवाजे तक पहुंचाया और उसे खोलने में सफल रहे।

मुश्किल समय में हनुमान चालीसा का किया जाप

कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी को बताया कि जब भी उन्हें दर्द या मुश्किल का सामना करना पड़ता है, वह हनुमान चालीसा का जाप करते हैं। उन्होंने कहा कि कॉकपिट में हमले के दौरान भी वह हनुमान चालीसा का जाप कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा था कि भगवान उनके साथ हैं। कैप्टन ने यह भी कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर पाएंगे।

पीएम मोदी को बताया अपना सबसे बड़ा आदर्श

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित भावुक हो गए। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि प्रधानमंत्री उनके सबसे बड़े आदर्श हैं। कैप्टन ने कहा कि गंभीर चोटों के बावजूद उन्होंने खुद को उठकर कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की।

फिलहाल कैप्टन स्मित अबू धाबी के एक अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अपनी चोटों के दर्द के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं, क्योंकि इससे उनकी रिकवरी मुश्किल हो सकती है। उन्होंने सऊदी अरब और यूएई की सरकारों की मदद के लिए आभार जताया।

सामने आया हमले का नया वीडियो

इस बीच, फ्लाईदुबई की उड़ान का नया फुटेज भी सामने आया है। इसमें कैप्टन स्मित कॉकपिट के बाहर घायल हालत में जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में वह एक यात्री से कहते सुनाई देते हैं कि सह-पायलट ने उन्हें कई बार मारा और उनका घायल हाथ हिल तो रहा है, लेकिन वह उसे बंद नहीं कर पा रहे हैं।

विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद का फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मेडिकल टीम कैप्टन स्मित का इलाज करती दिखाई देती है।घटना को लेकर जांच जारी है। खबर के मुताबिक, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि कैप्टन स्मित पर हमला करने वाला सह-पायलट कथित तौर पर कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित था।