प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रक्षाबंधन के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सभी लोगों के सुख, समृद्धि और सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए। साथ ही प्यार, अपनापन और आपसी भरोसे का रिश्ता हमेशा मजबूत बना रहे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के बीच अटूट प्यार और भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन प्राचीन समय से भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार, दोस्तों और समाज के बीच प्यार, सम्मान और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से परिवार और समाज के रिश्तों को और मजबूत बनाने की अपील की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाया। बच्चियों ने उनके हाथों पर राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाई। रेखा गुप्ता ने कहा कि बच्चों का प्यार उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन के मौके पर राज्य की जीविका दीदियों के लिए खास तोहफे का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में करीब 10 लाख जीविका दीदियों के घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत इन महिलाओं के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे बिजली का खर्च कम होगा और सौर ऊर्जा के जरिए अतिरिक्त कमाई के नए मौके भी मिलेंगे।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी महिला विधायकों के लिए रक्षाबंधन का खास तोहफा दिया है। उन्होंने सड़क और अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 28 करोड़ रुपये की विशेष विकास राशि देने की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य की 14 महिला विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 2-2 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।