Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

भारत बौद्धिक्स 2.0 के लिए 1.60 लाख से अधिक पंजीकरण, अंतिम तारीख 5 नवंबर तक बढ़ी

उत्तर प्रदेश में भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए आयोजित ‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ को युवाओं का अच्छा समर्थन मिल रहा है। अब तक इस प्रतियोगिता के लिए 1.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकरण करा चुके हैं। अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मौका देने के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख बढ़ाकर 5 नवंबर 2026 कर दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को भारत के दर्शन, विज्ञान, कला, साहित्य, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। साथ ही विद्यार्थियों में अपनी सभ्यता और संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करना भी इसका लक्ष्य है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की

मंगलवार को उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ स्थित अपने आवास से वर्चुअल बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी राज्य, निजी और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, कुलसचिवों, परीक्षा नियंत्रकों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेज स्तर पर प्राध्यापकों तथा नोडल अधिकारियों की टीमें बनाकर विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई जाए, ताकि कोई भी इच्छुक छात्र इस प्रतियोगिता में शामिल होने से वंचित न रहे।

21 नवंबर को होगी ऑफलाइन परीक्षा

‘भारत बौद्धिक्स 2.0 नेशनल एग्जामिनेशन-2026’ की परीक्षा 21 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदेशभर में आयोजित होगी। दो घंटे की इस ऑफलाइन परीक्षा में कला, विज्ञान, वाणिज्य और सामाजिक विज्ञान विषयों के स्नातक और परास्नातक विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।

परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, सुरक्षित वितरण, परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक नामित किए जाएंगे। परीक्षा से जुड़ी जानकारी और पाठ्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट bharatboudhiks.com पर उपलब्ध हैं।

विजेताओं को मिलेगा एक लाख रुपये तक का पुरस्कार

परीक्षा के बाद तीन चरणों में मूल्यांकन कर राष्ट्रीय स्तर पर मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले दो विद्यार्थियों को 50-50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

इसके अलावा 300 विद्यार्थियों को 2,500-2,500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उच्च शिक्षा मंत्री ने युवाओं से इस राष्ट्रीय ज्ञान प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।