पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा रविवार से पश्चिम चंपारण से आरंभ होगी। निश्चय रथ से निकलेंगे निशांत और उनकी यात्रा को सद्भाव यात्रा का नाम दिया गया है। यह पहला मौका है जब जदयू की सक्रिय सदस्यता हासिल करने के बाद निशांत यात्रा पर निकल रहे। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा व जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार सहित निशांत की यात्रा में जदयू के स्थानीय सांसद, विधायक व विधान परिषद सहित जदयू के जिला व पंचायत स्तर के पदाधिकारी भी शामिल हो रहे। निशांत इन सभी से संवाद भी करेंगे।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को बताया कि सद्भाव यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। यह यात्रा बिहार की राजनीति में एक नए युग का आरंभ करेगी। इस यात्रा के दौरान पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद होना है। इससे संगठन को भी मजबूती मिलेगी। निशांत कुमार यह कहते रहे है कि नीतीश कुमार ने विगत दो दशकों में बिहार के लोगों के लिए जिन याेजनाओं पर काम किया वह उसकी चर्चा लोगों के बीच करेंगे।
जदयू के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, वाल्मीकिनगर से जदयू के सांसद सुनील कुमार, बरौली से जदयू विधायक मंजीत कुमार सिंह व अरविंद निषाद ने कहा इस यात्रा से बिहार का भविष्य विकास, सद्भाव और सामाजिक न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। पार्टी का संकल्प स्पष्ट है कि तीर निशान, तय निशांत।