मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की युवाशक्ति अपनी प्रतिभा और परिश्रम से संभावनाओं को उपलब्धियों में बदल रही है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कार्य संस्कृति में बदलाव आया है और युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर रोजगार सृजन, कौशल विकास और उद्यमिता के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भूमिका का उल्लेख किया।
सीएम योगी ने कहा कि नवाचार की नई सोच, उद्यमिता का साहस और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करने का संकल्प उत्तर प्रदेश के युवाओं की पहचान बन रहा है। इसी प्रतिभा, सृजनशीलता और उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए वह लखनऊ में आयोजित होने वाले 'टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एवं अवार्ड्स 2026' में शामिल होंगे।
2017 से पहले युवाओं को अवसरों की कमी का करना पड़ता था सामना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर अवसरों की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ता था। भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अव्यवस्था के कारण युवाओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। प्रतिभा होने के बावजूद उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर और प्रोत्साहन नहीं मिल पाते थे।
योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती और कौशल विकास पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की कार्य संस्कृति में बदलाव किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, कौशल विकास, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए आगे बढ़ने के नए रास्ते तैयार किए गए हैं।
सरकार का जोर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें नए उद्यम शुरू करने और रोजगार देने वाला बनाने पर भी है। कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहन देकर युवाओं की क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है।
रोजगार पाने के साथ रोजगार देने में भी आगे बढ़ रहे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उद्यमिता और नवाचार के माध्यम से रोजगार सृजन में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा प्रदेश के विकास को गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि युवाशक्ति की भागीदारी से 'विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में मदद मिल रही है। प्रदेश के युवा अपनी उपलब्धियों से नई संभावनाएं खोल रहे हैं और विकास की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।