Breaking News

भारतीय T20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अमित शाह से की मुलाकात     |   IRGC लंबे समय से दुनिया भर में आतंकवाद की घटनाओं को अंजाम दे रहा है: रुबियो     |   मुंबई में वडाला RTO के पास दो BEST बसें और तीन कारें आपस में टकराईं     |   ठाणे जिले के उल्हासनगर कैंप-3 में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी     |   राष्ट्रपति ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल से ईरान पर की चर्चा     |  

दिल्ली में शुरू हुई 'नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा', सीएम रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने किया शुभारंभ

दिल्लीवासियों को अब यमुना नदी में क्रूज की सवारी का आनंद लेने का मौका मिलेगा। मंगलवार को सोनिया विहार में केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा' का शुभारंभ किया। इस पहल से दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यमुना किनारे आधुनिक सुविधाओं के साथ एक नया पर्यटन केंद्र विकसित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल क्रूज या नौका सेवा नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। इससे दिल्लीवासी यमुना के प्राकृतिक वातावरण को करीब से महसूस कर सकेंगे। पहले लोगों को क्रूज और नौका विहार का आनंद लेने के लिए प्रयागराज या दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा दिल्ली में ही मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से परिवार और बच्चों के साथ यहां आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राजधानी की सकारात्मक छवि को मजबूत करने और पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यमुना और धार्मिक परंपराओं से जुड़ेंगे दिल्लीवासी

vsdvsd

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि मां यमुना दिल्ली की पहचान, संस्कृति और धार्मिक आस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। सरकार दिल्लीवासियों की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छठ पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले लोगों को यमुना किनारे पूजा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही यमुना तट पर भव्य छठ आयोजन कराया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी छठ पर्व पिछले साल से अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास के बजाय आरोप-प्रत्यारोप और बहानेबाजी की राजनीति होती थी, लेकिन अब सरकार समस्याओं का समाधान कर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

दिल्ली के पर्यटन को मिलेगा नया अनुभव: कपिल मिश्रा

vSFvfv

दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी राजधानी के पर्यटन को नया अनुभव देगी। यहां आने वाले पर्यटक यमुना के सुंदर नजारों का आनंद ले सकेंगे। म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और मां यमुना की महिमा को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परिसर में क्रिएटिव जोन, फूड जोन, गेमिंग एक्टिविटीज और बच्चों के लिए प्ले जोन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे परिवार के साथ आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यमुना की सफाई का काम भी लगातार आगे बढ़ रहा है।

35 से 45 मिनट की होगी क्रूज यात्रा

vSVSDF

यमुना पर मनोरंजक जल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार और भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने पायलट परियोजना शुरू की है। इसके तहत वजीराबाद बैराज से जगतपुर तक करीब 6 किलोमीटर के क्षेत्र को जल परिवहन के लिए उपयुक्त पाया गया है। वहीं, सोनिया विहार से जगतपुर तक लगभग 4 किलोमीटर के क्षेत्र में क्रूज और फेरी सेवाएं विकसित की गई हैं।

क्रूज की पूरी यात्रा करीब 35 से 45 मिनट की होगी। यात्रियों को निर्धारित मार्ग पर नौका विहार कराया जाएगा और यात्रा पूरी होने के बाद वे शुरुआती स्थान पर लौट सकेंगे। परियोजना के तहत परिसर में प्रवेश शुल्क 50 रुपये और क्रूज की पूरी यात्रा का प्रस्तावित शुल्क 500 रुपये रखा गया है।

30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज

vDVDF

इस परियोजना के तहत यमुना में 30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज शुरू किया गया है। इसी क्षमता वाला दूसरा इलेक्ट्रिक क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना है। इलेक्ट्रिक क्रूज से पर्यटकों को यमुना के प्राकृतिक परिवेश और नदी किनारे की हरियाली देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

सोनिया विहार में विकसित हुआ आधुनिक पर्यटन केंद्र

पर्यटकों की सुविधा के लिए सोनिया विहार में आधुनिक तटवर्ती टर्मिनल बनाया गया है। यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए दो फ्लोटिंग जेट्टी तैयार की गई हैं। इसके अलावा टिकट काउंटर, गार्ड रूम, पार्किंग, फूड कोर्ट, प्रतीक्षालय और व्यावसायिक दुकानों की सुविधा भी दी गई है।

परिसर में बच्चों के लिए प्ले जोन, थीम आधारित म्यूजिकल फाउंटेन, इकोलॉजिकल ट्रेल्स और वॉकिंग ट्रेल्स विकसित किए गए हैं। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक क्रूज के लिए चार्जिंग स्टेशन, पेयजल, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और महिला, पुरुष व दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए गए हैं।

तीन महीने बंद रहेगी सेवा

मानसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को देखते हुए हर साल 1 जुलाई से 30 सितंबर तक यह सेवा बंद रहेगी। परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI), दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA), दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के समन्वय से विकसित किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, शांतनु ठाकुर, सांसद मनोज तिवारी, कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।