Breaking News

देहरादून-मसूरी मार्ग पर दरारें आने के चलते अगले आदेश तक वाहनों की आवाजाही बंद     |   CJP प्रोटेस्ट: घायल पुलिसकर्मियों, गाड़ियों में तोड़फोड़ मामले में दिल्ली पुलिस केस दर्ज करेगी     |   जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भूस्खलन और फ्लैश बाढ़ से 7 लोगों की मौत     |   राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: SC ने SIT के पुर्नगठन के लिए कहा, अब IPS अफसर करे अगुवाई     |   ‘ये लोग सत्ता में रहने लायक नहीं’, पेपर लीक-चढ़ावा चोरी पर खड़गे का BJP पर हमला     |  

मानसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक में शामिल हुई NCPI, सुदीप बंद्योपाध्याय बोले- सदन विपक्ष का भी है

संसद के मानसून सत्र से पहले आयोजित सर्वदलीय बैठक में नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के नेता के रूप में सुदीप बंद्योपाध्याय शामिल हुए। इससे पहले लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 बागी सांसदों ने NCPI में शामिल होने का ऐलान किया था। बैठक के बाद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि उन्हें बैठक में आधिकारिक तौर पर आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कहा, "हम अपनी नई पार्टी के 20 सांसदों का प्रतिनिधित्व करते हुए बैठक में शामिल हुए। सदन केवल सरकार का नहीं, विपक्ष का भी है। सरकार को यह बात स्वीकार करनी चाहिए और संसद को सुचारु रूप से चलाने के लिए पहल करनी चाहिए।"

उन्होंने कहा कि NCPI पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष (सेक्युलर) विचारधारा वाली पार्टी है और उसका उद्देश्य देश में सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, "हमारी पार्टी के संविधान में धर्मनिरपेक्षता, सांप्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता प्रमुख सिद्धांत हैं। NCPI के 20 सांसदों में तीन मुस्लिम सांसद भी हैं, जो हमारी विचारधारा को दर्शाता है।"

वहीं, NCPI को सर्वदलीय बैठक में बुलाए जाने का विपक्षी दलों ने विरोध किया। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, डीएमके, आम आदमी पार्टी, शिवसेना (यूबीटी) समेत कई विपक्षी दलों ने पहले कुछ मिनट के लिए प्रतीकात्मक वॉकआउट किया। उनका कहना था कि टीएमसी के बागी सांसदों के NCPI में विलय पर अभी तक लोकसभा अध्यक्ष का अंतिम फैसला नहीं आया है, इसलिए उन्हें बैठक में बुलाना संसदीय परंपराओं के खिलाफ है।हालांकि, विरोध दर्ज कराने के बाद विपक्षी दल दोबारा बैठक में लौट आए और चर्चा में हिस्सा लिया।