Breaking News

India vs Japan: श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   पहाड़गंज: स्पा में चल रहे सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़, चार गिरफ्तार     |   जमुई बदसलूकी मामला: फरार नंदन यादव एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया     |   पंजाब पुलिस ने 'बिना यूनिफॉर्म' वाली वायरल एडवाइज़री को गलत बताया।     |   दिल्ली: एक लाख की फेक करंसी बरामद, बिहार के 2 लोग गिरफ्तार     |  

गुजरात में नंबर प्लेट पर पुलिस का बड़ा अभियान, 18 हजार से ज्यादा मामले दर्ज

गुजरात में ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नंबर प्लेट को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक के मार्गदर्शन में यह अभियान 1 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के तहत 1 से 20 सितंबर के बीच राज्यभर में बिना नंबर प्लेट, छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट या नियमों के मुताबिक नंबर प्लेट नहीं होने पर कुल 18,014 मामले दर्ज किए गए। इस दौरान नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले 4,187 वाहनों को हिरासत में लिया गया।

ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने करीब 58.56 लाख रुपये का जुर्माना भी वसूला है। पुलिस की टीमें राज्य के सभी जिलों और शहरों में लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं। अभियान के दौरान सूरत शहर में 1,786, वडोदरा शहर में 1,959 और बनासकांठा में 1,363 मामले दर्ज किए गए हैं। राज्य पुलिस प्रमुख के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

राज्य ट्रैफिक शाखा के एसपी वी. साहित्य ने वाहन मालिकों और चालकों से नियमों के अनुसार स्पष्ट और आसानी से दिखाई देने वाली नंबर प्लेट लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फैंसी फॉन्ट, छिपे हुए नंबर या स्टाइलिश डिजाइन वाली नंबर प्लेट लगाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सही नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने की अपील की है। यह विशेष अभियान 14 अक्टूबर तक जारी रहेगा।