Breaking News

संभल: कब्रिस्तान की जमीन पर बनी मस्जिद पर दूसरे दिन भी बुलडोजर एक्शन जारी     |   कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना हो रही हैं ममता बनर्जी     |   कोलकाता: TMC पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता पर कोर्ट में पेशी के दौरान सैकड़ों अंडे फेंके गए     |   इजरायल में अंधाधुंध फायरिंग: गोलीबारी में 1 की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल     |   वाराणसी: शहर से बाहर शिफ्ट होंगी मीट-मछली की दुकानें, नगर निगम का बड़ा फैसला     |  

दिल्ली यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर देबस्मिता पॉल हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पश्चिम बंगाल से दंपति गिरफ्तार

दिल्ली यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर देबस्मिता पॉल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में एक दंपति को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 4 जून को दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल करने वाली मृतका की बहन देवराती पॉल ने बताया कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है और उसका शव वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट के फ्लैट में पड़ा है।

देवराती पॉल ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन फ्लैट में अकेली रहती थीं और 4 जून की सुबह से फ्लैट बाहर से बंद था। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद उन्होंने फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां देबस्मिता पॉल का शव मिला।

सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की गहन जांच की गई और फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र कर महत्वपूर्ण साक्ष्य कब्जे में लिए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई। जांच में पता चला कि देबस्मिता पॉल पिछले चार-पांच वर्षों से इस फ्लैट में अकेली रह रही थीं और रोजमर्रा की जरूरत का सामान अधिकतर ऑनलाइन मंगवाती थीं। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना से पहले फ्लैट में आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

देबस्मिता पॉल की आखिरी बार अपनी मां से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उनकी बहन ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। लगातार संपर्क न होने पर बहन फ्लैट पहुंची और घटना का पता चला। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल भेजा गया था। इस मामले में न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब हत्या के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।