Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

Air India का बड़ा ऐलान, दिल्ली-टोरंटो के बीच अब नॉन-स्टॉप उड़ान, सफर में बचेंगे करीब 3 घंटे

Air India ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है। एयरलाइन 1 अगस्त से दिल्ली-टोरंटो रूट पर अपने नए Boeing 787-9 विमान को उतारने जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली से टोरंटो के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू हो जाएगी। हालांकि, यह सुविधा उपलब्ध एयरस्पेस पर निर्भर करेगी। फिलहाल दिल्ली से टोरंटो जाने वाली फ्लाइट को वियना में ईंधन भरने के लिए रुकना पड़ता है। इस स्टॉप को हटाए जाने के बाद यात्रियों का करीब 3 घंटे का समय बचेगा। अभी इस सफर में करीब 20 घंटे लगते हैं, जबकि नॉन-स्टॉप उड़ान शुरू होने के बाद यह सफर करीब 17 घंटे में पूरा हो सकेगा। वहीं, टोरंटो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट पहले की तरह नॉन-स्टॉप रहेगी और इसमें करीब 16 घंटे तक का समय लगेगा।

Air India ने इस रूट पर उड़ानों की संख्या भी बढ़ाने का फैसला किया है। 1 अगस्त से दिल्ली-टोरंटो के बीच फ्लाइट हफ्ते में 5 दिन की जगह रोजाना संचालित होगी। एयरलाइन ने बताया कि जून और जुलाई 2026 में ईंधन की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी और कुछ अन्य वैश्विक परिस्थितियों के कारण इस रूट पर उड़ानों की संख्या अस्थायी रूप से कम की गई थी।

Air India के CEO और MD कैंपबेल विल्सन ने कहा कि नए Boeing 787-9 विमान के आने से भारत और कनाडा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि कनाडा में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं और टोरंटो Air India के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय रूट्स में से एक है। नए Boeing 787-9 विमान में तीन तरह की केबिन क्लास होंगी- बिजनेस क्लास, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास। पहली बार दिल्ली-टोरंटो रूट पर यात्रियों को प्रीमियम इकोनॉमी क्लास की सुविधा भी मिलेगी।

विमान में 30 प्राइवेट बिजनेस क्लास सुइट्स, 28 प्रीमियम इकोनॉमी सीटें और 238 इकोनॉमी सीटें होंगी। बिजनेस क्लास में यात्रियों को सीधे गलियारे तक पहुंच, पूरी तरह फ्लैट होने वाली सीट, वायरलेस चार्जिंग, सामान रखने की निजी जगह और 17 इंच की 4K स्क्रीन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, प्रीमियम इकोनॉमी क्लास में आरामदायक सीटों के साथ पैर रखने के लिए बेहतर जगह और 13.3 इंच की 4K स्क्रीन उपलब्ध होगी। इकोनॉमी क्लास में भी आरामदायक सीटों के साथ 11.6 इंच की 4K स्क्रीन और मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस रखने की सुविधा मिलेगी।

नए विमान में यात्रियों के मनोरंजन के लिए 3 हजार घंटे से ज्यादा का कंटेंट उपलब्ध होगा। इसके अलावा सभी केबिन में ब्लूटूथ ऑडियो, USB-A और USB-C चार्जिंग पोर्ट और AC पावर आउटलेट की सुविधा भी दी जाएगी। Air India के मुताबिक, विमान में भारतीय स्वास्थ्य और योग परंपराओं से प्रेरित मूड लाइटिंग की व्यवस्था भी होगी। यात्रियों को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय स्वाद वाले नए मेन्यू, प्रीमियम टेबलवेयर, आरामदायक बिस्तर और नए डिजाइन की सुविधाएं भी मिलेंगी। दिल्ली-टोरंटो रूट पर नए Boeing 787-9 विमान की उड़ानों की बुकिंग Air India की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कस्टमर कॉन्टैक्ट सेंटर और दुनिया भर के ट्रैवल एजेंट्स के जरिए की जा सकती है।