Breaking News

प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, गड्ढे में धंसा     |   नेपाल में बाढ़ से 626 मौतें, लापता लोगों की तलाश जारी     |   नेपाल बाढ़ पर खड़गे की पीएम और गृहमंत्री को चिट्ठी, भारतीयों की मदद की मांग     |   गंडक बैराज के डिस्चार्ज में उतार-चढ़ाव, 97,500 क्यूसेक पर बहाव सामान्य     |   नेपाल में रेस्क्यू ऑपरेशन पर मौसम की मार, बारिश के चलते हेलिकॉप्टर भी रुके     |  

राजस्थान के दौसा में बड़ा हादसा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी स्लीपर बस, 1 की मौत

राजस्थान के दौसा में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। अहमदाबाद से दिल्ली जा रही एक वोल्वो स्लीपर बस गुडलिया के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हो गए। सुबह करीब 6 बजे यह हादसा हुआ। अहमदाबाद से दिल्ली जा रही स्लीपर बस एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 30 घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं। डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। बस अहमदाबाद से जयपुर होते हुए दिल्ली जा रही थी। रात का सफर होने के कारण ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक बस ट्रक से टकरा गई। तेज टक्कर की आवाज से यात्रियों की नींद खुली और कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। ट्रक वहां किस वजह से खड़ा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा। दौसा जिले से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। जुलाई में भी इसी एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर में कई लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए थे।