Breaking News

राजकोट में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, दुबई से आ रही थी मुंबई, सभी यात्री सुरक्षित     |   अंकित हत्याकांड: दिल्ली की कोर्ट दोषी ताहिर हुसैन की सजा पर 31 जुलाई को फैसला सुनाएगी     |   'पेपर लीक मुद्दे पर कांग्रेस जानबूझकर संसद में हंगामा कर रही', बोले किरेन रिजिजू     |   गुजरात आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में BAMS एग्जाम से पहले पेपर लीक की आशंका, जांच जारी     |   दिल्ली मालवीय नगर होटल फायर केस: साकेत कोर्ट ने कुक केसर नेगी को जमानत दी     |  

विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा कल तक स्थगित, परीक्षा सुधार बिल पर चर्चा टली

सोमवार को लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर प्रस्तावित चर्चा के दौरान विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। अब लोकसभा की अगली बैठक 28 जुलाई को सुबह 11 बजे होगी। पीठासीन अधिकारी कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने विपक्षी सांसदों से चर्चा होने देने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल समेत अन्य सांसदों से अपनी सीट पर वापस जाने और चर्चा में हिस्सा लेने को कहा।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी विपक्षी नेताओं से चर्चा होने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष ज्यादा समय चाहता है तो चर्चा के लिए अतिरिक्त समय दिया जा सकता है। रिजिजू ने कहा कि सभी सांसद विधेयक पर चर्चा के लिए तैयार होकर आए हैं। उन्होंने कहा कि यह विधेयक छात्रों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है और सभी दलों को इस पर चर्चा करनी चाहिए।

इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा था कि सरकार और विपक्ष को शाम 5 बजे तक किसी सहमति पर पहुंचना चाहिए, जिसके बाद विधेयक पर चर्चा शुरू की जा सकती है। उन्होंने बताया कि विधेयक में 91 संशोधन प्रस्तावित किए गए हैं। बिरला ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए विधेयक पर छह घंटे की चर्चा का समय दिया था और सभी दलों से एकजुट होकर चर्चा करने की अपील की थी।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने यह विधेयक लोकसभा में पेश किया था। संशोधन विधेयक में परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के लिए सजा बढ़ाने का प्रस्ताव है। दोषियों को अब पांच साल से लेकर अधिकतम 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। वहीं, संगठित अपराध के लिए न्यूनतम सजा को मौजूदा पांच साल से बढ़ाकर सात साल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, ऐसे मामलों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें बनाने का भी प्रावधान किया गया है।