Breaking News

पप्पू यादव की सुरक्षा पर दिल्ली HC का बड़ा आदेश, अस्थायी तौर पर अतिरिक्त PSO मिलेगा     |   पीएम मोदी का नया संदेश, बोले- 15 अगस्त को हर घर तिरंगा लहराएं     |   'हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा...', पीएम मोदी ने Instagram पर की अपील     |   हुगली कोर्ट ने रेप केस में अभिषेक पोरेल को 3 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा     |   रांची छात्र प्रदर्शन: करीब 40 हिरासत में, 14 पुलिसकर्मी और 18 से ज्यादा छात्र घायल     |  

सावन शिवरात्रि पर CM योगी समेत नेताओं ने दी शुभकामनाएं, बोले- महादेव की कृपा से सुख-समृद्धि आए

सावन के पावन महीने में मंगलवार को सावन शिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। देशभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर रहे हैं। मंदिरों में ‘हर हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय और राज्य के नेताओं ने देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “सभी को पवित्र श्रावण मास की शिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान शिव से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना करता हूं। हर हर महादेव!”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “श्रावण मास की पावन शिवरात्रि पर भगवान शिव की आराधना एवं समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। महादेव की आराधना हमें संयम, सत्य और कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। मेरी प्रार्थना है कि देवाधिदेव सभी के जीवन को मंगलमय बनाएं और देश व समाज में सुख, शांति एवं प्रगति की भावना को और मजबूत करें।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सावन शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित पावन श्रावण शिवरात्रि की समस्त शिवभक्तों व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से प्रत्येक नागरिक का जीवन सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और यश से आलोकित हो तथा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों, यही प्रार्थना है। हर हर महादेव!”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्रावण शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना, साधना और आत्मिक शुद्धि का पावन पर्व है। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “श्रावण मास की दिव्यता और शिवरात्रि की साधना का यह पुण्य संयोग श्रद्धा, भक्ति और कल्याण का विशेष अवसर है। आप सभी को श्रावण शिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। महादेव की कृपा सभी पर अनवरत बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, समृद्धि एवं मंगल का संचार हो। हर हर महादेव।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रदेशवासियों को सावन शिवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “ॐ नमः शिवाय! समस्त प्रदेशवासियों को पावन सावन शिवरात्रि के पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि उनकी असीम कृपा सभी प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे और हर परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली का वास हो।”

वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरदा जिले के हंडिया स्थित श्री रिद्वनाथ मंदिर में विराजमान भगवान शिव का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा, “ग्राम हंडिया, जिला हरदा स्थित श्री रिद्वनाथ मंदिर में विराजमान देवाधिदेव महादेव की कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति, समृद्धि और आनंद से परिपूर्ण हो, यही मंगलकामना करता हूं। हर हर महादेव!” सावन शिवरात्रि के मौके पर देशभर के प्रमुख शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं।