Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

महाकाल के दरबार पहुंचे कार्तिक आर्यन, हाथ जोड़कर लिया बाबा महाकाल का आशीर्वाद

अभिनेता कार्तिक आर्यन ने मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। अभिनेता ने इस आध्यात्मिक पल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ साझा की, जिसे कुछ ही समय में खूब पसंद किया गया। कार्तिक आर्यन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मंदिर की रात के समय की एक तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर में अभिनेता रोशनी से जगमगाते महाकालेश्वर मंदिर के सामने हाथ जोड़कर प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। माथे पर पारंपरिक तिलक लगाए कार्तिक ने तस्वीर के साथ बेहद संक्षिप्त और भक्तिमय कैप्शन लिखा, "जय महाकाल"।

पोस्ट पर फैंस ने कमेंट्स में हार्ट इमोजी और "हर हर महादेव" के जयकारे लगाए। कई प्रशंसकों ने उन्हें "हमारा चैंपियन" भी कहा और फिल्म 'चंदू चैंपियन' में उनके शानदार अभिनय की सराहना की। कार्तिक आर्यन इन दिनों अपने करियर के सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। उन्हें फिल्म 'चंदू चैंपियन' में दमदार अभिनय के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला है। उन्होंने यह पुरस्कार मलयालम सुपरस्टार ममूटी के साथ साझा किया, जिन्हें फिल्म 'ब्रमायुगम' के लिए सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "अभी भी इस एहसास को समझने की कोशिश कर रहा हूं... कुछ पल शब्दों से कहीं बड़े होते हैं और यह उनमें से एक है। एक सपना, जिसे मैंने वर्षों से संजोकर रखा था, आखिरकार सच हो गया। हमेशा विनम्र, हमेशा आभारी... सर्वश्रेष्ठ अभिनेता राष्ट्रीय पुरस्कार।" कबीर खान के निर्देशन में बनी 'चंदू चैंपियन' भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता और फ्रीस्टाइल तैराक मुरलीकांत पेटकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म में कार्तिक आर्यन के शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली। वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन अब अपनी अगली फिल्म 'नागजिला: नाग लोक का पहला कांड' की तैयारी कर रहे हैं।