Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

मुंबई में भारी बारिश का असर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे फिर खुला, रेल और सड़क यातायात अब भी प्रभावित

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राहत की खबर सामने आई है। भूस्खलन और जलभराव के कारण बंद किया गया मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे साफ-सफाई के बाद फिर से वाहनों के लिए खोल दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, एक्सप्रेसवे पर जमा पानी और भूस्खलन से सड़क पर आया मलबा पूरी तरह हटा दिया गया है। अब वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि ट्रैफिक को सुचारु रखने की लगातार कोशिश की जा रही है। यदि नए मार्ग पर कोई दिक्कत आती है, तो वाहनों को पुराने मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

हालांकि, इससे पहले लगातार 48 घंटे की बारिश के कारण पुणे से मुंबई जाने वाले सभी प्रमुख मार्ग भूस्खलन और जलभराव की वजह से बंद कर दिए गए थे। मुंबई-पुणे रेलवे मार्ग पर टनल नंबर-40 के पास भूस्खलन होने से रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर मलबा हटाने और ट्रैक बहाल करने का काम कर रही हैं। भारी बारिश के कारण मुंबई-पुणे रूट पर कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ का मार्ग बदला गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, मुंबई और आसपास के इलाकों में आज भी बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं (60 से 70 किमी प्रति घंटे) की चेतावनी के साथ मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में औसतन 105.24 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगरों में 161.11 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 159.40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज दोपहर 3:56 बजे समुद्र में 4.08 मीटर ऊंची हाई टाइड आने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की है। मुंबई के कोलाबा इलाके में भारी बारिश और तेज हवा के कारण एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे सैन्य क्षेत्र की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाने का काम कर रही है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, पालघर में सिर्फ दो घंटे में 300 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके चलते पानी वसई-विरार क्षेत्र की ओर पहुंच गया है। सभी नाले और जल निकासी चैनल ओवरफ्लो हो गए हैं। नालासोपारा शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है, जिससे रेलवे ट्रैक और स्टेशन क्षेत्र से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। फिलहाल ट्रेनें चल रही हैं, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से उनकी गति कम रखी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग व स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।