Breaking News

झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले गरमाई सियासत, JMM ने EC को पत्र लिख जताई 'हॉर्स ट्रेडिंग' की आशंका     |   तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |  

Jammu Kashmir: गुलमर्ग में केबल कार में तकनीकी आई खराबी, सैकड़ों पर्यटकों को निकाला सुरक्षित

Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में एक विशाल केबल कार में सोमवार को तकनीकी खराबी आने के बाद 300 पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के कारण गुलमर्ग केबल कार सेवा के दोनों फेरों का संचालन कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया।

गुलमर्ग केबल कार सेवा को ‘गंडोला’ के नाम से भी जाना जाता है। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने उस केबल कार की सवारी का आनंद ले रहे सैकड़ों पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया, जिसमें तकनीकी खराबी की शिकायत की गई थी।

उन्होंने बताया कि केबल कार प्रणाली को बहाल करने का काम फिलहाल जारी है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार स्थिति पर “करीबी नजर रख रही है।” उमर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सभी केबिन सुरक्षित हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशिक्षित टीम बचाव अभियान का संचालन कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है।” जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि उन्होंने डीजीपी नलिन प्रभात को गुलमर्ग जाकर बचाव अभियान की निगरानी करने का निर्देश दिया है।

सिन्हा ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘‘गुलमर्ग में तकनीकी खराबी के कारण केबल कार के कई केबिन में फंसे पर्यटकों के लिए जारी बचाव अभियान की मैं निगरानी कर रहा हूं। मैंने पुलिस महानिदेशक को घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। पुलिस, सेना और एसडीआरएफ की संयुक्त बचाव टीम डीसी और एसएसपी के साथ मिलकर सभी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान चला रही है।”