Breaking News

यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |   यूपी: प्रयागराज में भारी बारिश का असर, कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद     |   ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने लोडिंग वाहन को मारी टक्कर; 8 की मौत, 25 घायल     |   EPFO आज लाइव पेंशन सेशन आयोजित करेगा     |   भारत-थाईलैंड की संयुक्त सैन्य अभ्यास आज से होगी शुरू, 31 अगस्त तक चलेगा     |  

भिंड में भीषण सड़क हादसा, पिकअप और डंपर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत, 32 घायल

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए। हादसा एनएच-719 पर छीमका गांव के पास हुआ, जहां मजदूरों से भरी पिकअप और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा हाईवे पर अचानक आए मवेशियों के झुंड को बचाने के दौरान हुआ। सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम करने के बाद पिकअप से अपने घर लौट रहे थे।

मंगलवार देर रात करीब 1 बजे मजदूरों से भरी पिकअप छीमका गांव के पास पहुंची। इसी दौरान हाईवे पर अचानक मवेशियों का झुंड आ गया। उन्हें बचाने की कोशिश में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए गोहद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कई मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाकर उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दुर्घटना के बाद एनएच-719 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मवेशियों के झुंड को बचाने के दौरान पिकअप के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।