उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। शहरों से लेकर गांवों तक कई जगह सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
बहराइच में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिले के सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों के साथ-साथ मदरसे भी बंद रहेंगे। जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है।
हरदोई में लगातार बारिश और कई इलाकों में जलभराव को देखते हुए 18 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और बच्चों के स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। वहीं, प्रयागराज में भी भारी बारिश और जलभराव के चलते 18 अगस्त को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी बोर्डों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग ने अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, भदोही, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कौशांबी, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और उन्नाव समेत आसपास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।लगातार बारिश और जलभराव के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित है। प्रशासन की ओर से लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की जा रही है।