गुजरात के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता मोहनसिंह राठवा का 82 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि उन्हें गुजरात विधानसभा में कई वर्षों तक मोहनसिंह राठवा के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास, जनसेवा और लोगों के कल्याण के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा, "पूर्व गुजरात मंत्री मोहनसिंह राठवा के निधन का समाचार बेहद दुखद है। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। ओम शांति।" मोहनसिंह राठवा गुजरात के जेतपुर और छोटा उदयपुर विधानसभा क्षेत्रों से कई बार विधायक रहे। उन्हें राज्य में आदिवासी समाज के अधिकारों और विकास के लिए किए गए कार्यों के लिए जाना जाता था।उनके बेटे और छोटा उदयपुर से भाजपा विधायक राजेंद्रसिंह राठवा ने सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपना पूरा जीवन जनसेवा, समाज कल्याण और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित किया। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
बता दें कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले मोहनसिंह राठवा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। हालांकि, स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा। इसके बाद उनके बेटे राजेंद्रसिंह राठवा भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और जीत हासिल कर परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया।