दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करोल बाग इलाके में चल रहे नकली ऑटो पार्ट्स के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 से 30 लाख रुपये के नकली मोटरसाइकिल स्पेयर पार्ट्स जब्त किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत (27) और राजेंद्र सिंह (28) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से राजस्थान के बालोतरा के रहने वाले हैं और फिलहाल करोल बाग में रह रहे थे। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 12 अप्रैल को एसआई इंदरवीर के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। इस दौरान क्लच असेंबली, टाइमिंग चेन, ब्रेक पैड, ऑयल सील, फिल्टर, केबल्स समेत बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद किया गया। साथ ही मोटरसाइकिल ब्रांड के लोगो वाली पैकिंग सामग्री भी मिली। मौके से पैकिंग मशीन और बारकोड प्रिंटर भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल नकली सामान को असली दिखाने के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ में भरत ने बताया कि वह 2024 में दिल्ली आया था और पहले जोमैटो में काम करता था, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लिए नकली पार्ट्स का कारोबार शुरू कर दिया। वहीं, राजेंद्र सिंह पहले मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज़ बेचता था, लेकिन कम मुनाफे के चलते करोल बाग में स्पेयर पार्ट्स के कारोबार में आकर नकली सामान बेचने लगा। दोनों आरोपी स्थानीय बाजार में नकली मोटरसाइकिल पार्ट्स की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। मामले की आगे की जांच जारी है।