Breaking News

चक्रवात मुरासु के कारण आंध्र प्रदेश में उखड़े पेड़     |   यूपी में आज बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा     |   जम्मू-कश्मीर: किश्तवाड़ में भूकंप के झटके, 3.1 रही तीव्रता     |   'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ सड़कों पर उतरेगी BJP, यूपी के 6 क्षेत्रों में पदयात्रा     |   ट्रंप प्रशासन को SC से झटका, कैलिफोर्निया के 20 हजार बैलेट गिनने पर रोक की मांग खारिज     |  

दीपावली से पहले मिलावटखोरों पर एफएसडीए की कार्रवाई, 54 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त

दीपावली और भाई दूज से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। योगी सरकार के ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत प्रदेशभर में मिठाई की दुकानों, निर्माण इकाइयों और गोदामों पर छापेमारी की जा रही है। अब तक 1,133 स्थानों पर निरीक्षण कर 935 खाद्य नमूने लिए गए हैं। गंभीर अनियमितताओं के चलते 27 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

विभाग ने करीब 54 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.32 करोड़ रुपये बताई गई है। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

बरेली और मुरादाबाद में 32 सचल दलों ने की कार्रवाई

vdd

अभियान के तहत बरेली और मुरादाबाद में 32 खाद्य सचल दलों ने विशेष जांच की। इसके अलावा कासगंज, इटावा, हमीरपुर, महोबा, कुशीनगर और शाहजहांपुर में अंतरजनपदीय टीमों ने भी छापेमारी की। इस दौरान 98 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 112 खाद्य नमूने लिए गए। अनियमितताएं मिलने पर 78 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। पांच इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि बिना लाइसेंस चल रही एक इकाई का कारोबार बंद करा दिया गया।

मिठाई की दुकानों में मिली गंदगी और फफूंद लगे खाद्य पदार्थ

vSFvFS

जांच के दौरान बरेली के सुभाष नगर स्थित न्यू बाजपेई स्वीट्स की निर्माणशाला में गंदगी, टूटा फर्श और जमा हुआ गंदा पानी मिला। यहां भट्ठी के पास ही शौचालय भी संचालित था। इन कमियों के चलते प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

बरेली के कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में पुराना और फफूंद लगा घेवर मिला। यहां अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाइयां बनाई जा रही थीं। विभाग ने इस प्रतिष्ठान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया।

मुरादाबाद में एक्सपायरी सामग्री और अखाद्य रंग मिले

vSDVDS

मुरादाबाद में ढकिया, डिलारी के पास स्थित हुकूमत मिल्क केक की रसगुल्ला निर्माण इकाई में असुरक्षित परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। खाद्य सामग्री भी संदूषित अवस्था में मिली, जिसके बाद इकाई का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

कोहिनूर तिराहे के पास मदनी स्वीट्स में एक्सपायरी खाद्य सामग्री, चूहों की गंदगी और अखाद्य रंगों का इस्तेमाल पाया गया। यहां जल निकासी की व्यवस्था भी खराब थी। इस प्रतिष्ठान का लाइसेंस भी निलंबित किया गया।

वहीं, मुरादाबाद की बड़ी सब्जी मंडी के पास बीना मिष्ठान भंडार बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिला। यहां गंदगी और चूहों का प्रकोप भी पाया गया। विभाग ने कारोबार बंद करा दिया। कासगंज के पवन स्वीट्स में भी गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ बनाने पर कार्रवाई की गई।

निर्माण से बिक्री तक रखी जा रही नजर

vVF

‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत एफएसडीए की टीमें खाद्य पदार्थों के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री तक जांच कर रही हैं। कच्चे माल की गुणवत्ता, निर्माण स्थलों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले रंगों और अन्य खाद्य योजकों की अनुमन्य मात्रा की भी जांच हो रही है। प्रतिबंधित रसायनों और अखाद्य रंगों के इस्तेमाल पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। त्योहारों के दौरान अस्थायी रूप से खुलने वाली मिठाई की दुकानों और गोदामों को भी अभियान में शामिल किया गया है।

छोटी कमियों पर नोटिस, मिलावट पर सख्त कार्रवाई

एफएसडीए ने अधिकारियों को छोटे और खुदरा कारोबारियों का अनावश्यक उत्पीड़न नहीं करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य और सुधार योग्य कमियां मिलने पर कारोबारियों को नोटिस देकर व्यवस्था ठीक करने का अवसर दिया जा रहा है।

वहीं, मिलावट, प्रतिबंधित रसायनों और अखाद्य रंगों के इस्तेमाल, गंभीर गंदगी और बिना लाइसेंस कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि अभियान का मकसद कारोबारियों को परेशान करना नहीं, बल्कि त्योहारों पर लोगों तक शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचाना है।