महाराष्ट्र के नागपुर में ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। मुंबई की ओर जा रही दुरंतो एक्सप्रेस को निशाना बनाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर फेंके। इस घटना में ट्रेन के A2 कोच की खिड़की का बाहरी शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। रेलवे अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है।
23 नवंबर को ट्रेन अजनी रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ने के बाद मनीष नगर के पास पहुंची थी। इसी दौरान बाहर से फेंका गया पत्थर A2 कोच की खिड़की से टकराया, जिससे शीशे में दरार आ गई।
नागपुर सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल के अनुसार, घटना के बाद ट्रेन की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा और दुरंतो एक्सप्रेस अपने गंतव्य की ओर रवाना होती रही। वर्धा रेलवे स्टेशन के पास तकनीकी कर्मचारियों ने खिड़की के शीशे की अस्थायी मरम्मत की। घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।
पहले भी दुरंतो एक्सप्रेस पर हो चुका है पथराव
इससे पहले भी नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई थी। बोरखेड़ी स्टेशन पार करने के बाद ट्रेन के A-1, B-2 और B-5 कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए थे। उस घटना में भी किसी यात्री को चोट नहीं आई थी और न ही कोई नुकसान होने की सूचना मिली थी।
रेलवे के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद रात करीब 8 बजकर 46 मिनट पर RPF और GRP की टीम ने बोरखेड़ी-सिंधी सेक्शन में किलोमीटर 803 से 796 तक तलाशी अभियान चलाया। बोरखेड़ी और ब्रह्मणी गांव के आसपास भी जांच की गई। एस्कॉर्ट स्टाफ और यात्रियों ने बताया था कि रात करीब 8 बजकर 27 मिनट पर बाहर से कोई वस्तु या पत्थर ट्रेन की खिड़कियों से टकराया था।
वंदे भारत ट्रेन पर भी हुई थी पत्थरबाजी
एक अन्य घटना में मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस (22961) पर सूरत के पास पथराव किया गया था। उस समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी ट्रेन में सफर कर रही थीं। हालांकि, बताया गया कि वह घटना वाले कोच से अलग कोच में मौजूद थीं।
इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था।