Breaking News

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मिले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, ब्रेकफास्ट पर हुई चर्चा     |   'संघर्ष अब सिर्फ क्षेत्रों तक सीमित नहीं', BRICS ओपन सेशन में बोले PM मोदी     |   इंडोनेशिया में पैसेंजर शिप से 140 लोग लापता, बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी     |   BRICS समिट के बाद चीन के लिए रवाना हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग     |   मायावती का आकाश आनंद पर हमला, बीमारी की झूठी खबर फैलाने का लगाया आरोप     |  

कोलकाता में 8 मई को होगी BJP विधायक दल की बैठक, 9 मई को होगा शपथ ग्रहण समारोह

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है. चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. 4 मई को नतीजे आने के साथ ही पश्चिम बंगाल की राजनीतिक तस्वीर साफ हो चुकी है. 207 सीटें जीतकर बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है तो वहीं करीब डेढ़ दशक से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई. चुनाव के नतीजे आने के बाद नई विधानसभा के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं.

चुनाव आयोग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. नोटिफिकेशन को राज्यपाल के पास भेज दिया गया है, इसके साथ ही नई सरकार बनने का रास्ता भी साफ हो गया है. सूत्रों की मानें तो 8 मई को बीजेपी विधायक दल की बैठक हो सकती है. इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री और बंगाल के पर्यवेक्षक बने अमित शाह कोलकाता जा सकते हैं.

पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को खत्म हो रहा है. चुनाव आयोग का ये नोटिफिकेशन पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में धांधली का आरोप लगाने और अपना इस्तीफा देने से इनकार करने के बीच में आया है. कोलकाता में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री के रूप में राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने की संभावना से इनकार कर किया. उन्होंने कहा, 'मैं अब इस्तीफा क्यों दूं? हम असल मायने में नहीं हारे हैं. ये परिणाम बड़े पैमाने पर  धांधली और वोटों की लूट को दिखाते हैं तो फिर इस्तीफे का सवाल ही कहां उठता है?'  

पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को हो सकता है, इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है, इसलिए इसे खास माना जा रहा है. इससे पहले बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी सरकार के शपथ ग्रहण को लेकर जानकारी दी थी. उन्होंने कहा कि 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है, उसी दिन शपथ ग्रहण समारोह होगा और इसकी घोषणा प्रधानमंत्री की ओर से की जा चुकी है.

पश्चिम बंगाल के अलावा असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भी नई विधानसभा के गठन को लेकर चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है. चुनाव आयोग की अधिसूचनाओं से प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में विजयी दलों के नेताओं को पिछली राज्य विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले सरकार गठन का दावा पेश करने का रास्ता खुल गया है. तमिलनाडु  विधानसभा का कार्यकाल 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है.