प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बैठक से पहले नमो घाट पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो के दौरान लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की जाए। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद रहे।
नमो घाट सहित अन्य घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो घाट पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों की जानकारी ली। पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मानचित्र के माध्यम से आयोजन स्थल और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
पार्किंग, रूट डायवर्जन और ग्रीन कॉरिडोर पर जोर
मुख्यमंत्री ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी रूट डायवर्जन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पार्किंग स्थलों की व्यवस्था करने और वहां स्पष्ट संकेतक लगाने को कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
आयोजन स्थल और घाटों पर उचित बैरिकेडिंग के साथ पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रखने और घाटों पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने पुलिस बल की तैनाती की समुचित योजना बनाने के साथ एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, युवक मंगल दल और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लेने के निर्देश दिए। सरकारी और निजी अस्पतालों में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने तथा पार्किंग स्थलों पर पुलिस, यातायात पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा।
घाटों की सफाई और शहर के सौंदर्यीकरण की तैयारी
एयर शो को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वाराणसी में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर निगम को घाटों की विशेष सफाई कराने और शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने नमो घाट से अस्सी घाट तक पेंटिंग कराने के साथ एयरपोर्ट से शहर तक आने वाले प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण सड़कों पर विद्युत खंभों में स्पाइरल लाइट लगाने को कहा। प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण कराने की जिम्मेदारी वाराणसी विकास प्राधिकरण को दी गई।
300 मोबाइल टॉयलेट, 400 वाटर टैंकर और 3,000 सफाई कर्मचारी तैनात
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशासन एवं पुलिस विभाग की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि घाटों पर जमा सिल्ट हटाने का काम कराया जा रहा है। आयोजन के लिए 300 मोबाइल टॉयलेट और 400 वाटर टैंकर की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था के लिए 3,000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीआईजी वैभव कृष्ण, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर कुमार, वायुसेना के अधिकारी और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।