ब्रज मोहन राम ने रविवार को ओडिशा के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली। भुवनेश्वर स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में ओडिशा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश हरिश टंडन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ब्रज मोहन राम को राज्यपाल बनने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए राज्यपाल के मार्गदर्शन में ओडिशा के विकास को और गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उनके सफल कार्यकाल की कामना भी की।
तीन बार पलामू से सांसद रहे ब्रज मोहन राम
ब्रज मोहन राम झारखंड के पूर्व सांसद हैं। वह पलामू लोकसभा सीट से लगातार तीन बार 1996, 1998 और 1999 में चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। उन्होंने अविभाजित बिहार में विधायक के रूप में भी काम किया है।
दलित समुदाय से आने वाले ब्रज मोहन राम धोबी समाज से जुड़े हैं। उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा और धोबी महासंघ जैसे संगठनों के साथ भी काम किया है। इसके अलावा, चंदवा में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के प्रयासों से भी उनका जुड़ाव रहा है।
चार राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाल ही में चार राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए थे। इनमें ब्रज मोहन राम को ओडिशा, सुधा यादव को कर्नाटक, ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है।
यह नियुक्तियां छह राज्यों से जुड़े बड़े फेरबदल का हिस्सा हैं। इसके तहत सिक्किम और केरलम के राज्यपालों को क्रमशः केरलम और तमिलनाडु में नई जिम्मेदारी दी गई है। सभी नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के पदभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।