Breaking News

UP: अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन करने से इनकार किया     |   एशियन गेम्स 2026: बॉक्सिंग में परवीन हुड्डा ने जीता गोल्ड     |   गुजरात में UCC को राष्ट्रपति की मंजूरी     |   एशियन गेम्स: अंकुश ने बॉक्सिंग में जीता गोल्ड, साउथ कोरियाई खिलाड़ी को हराया     |   एशियन गेम्स: सुजीत कलकल ने रेसलिंग में अब्दुलमाजिद कुडियेव को हराकर गोल्ड जीता     |  

बापू का चरखा स्वावलंबन का आधार, ODOP से लोकल को ग्लोबल बना रहा यूपी: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का चरखा केवल सूत कातने का साधन नहीं था, बल्कि भारत के स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का आधार था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना बापू के स्वदेशी भाव को आगे बढ़ाते हुए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के स्वच्छता, स्वदेशी, स्वावलंबन और ग्राम स्वराज के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव है, जब हर नागरिक, परिवार और गांव स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़े। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का श्रवण किया और चरखा चलाकर स्वदेशी और स्वावलंबन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से एक व्यापक जन आंदोलन में बदल दिया था।

गांधी आश्रम के कपड़े आजादी और स्वदेशी के प्रतीक

सीएम योगी ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए कहा कि गांधी आश्रम के कपड़ों को लेकर लोगों में विशेष उत्साह रहता था। ये कपड़े सिर्फ वस्त्र नहीं थे, बल्कि भारत की आजादी और स्वदेशी के मंत्र के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि चरखे ने लोगों को अपने श्रम, उत्पाद और सामर्थ्य पर भरोसा करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ODOP योजना इसी स्वदेशी भावना को आगे बढ़ा रही है। इसके जरिए स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वच्छ भारत से आगे बढ़ रहा आत्मनिर्भर भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान के जरिए बापू के स्वच्छता के सपने को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि देश में 12 करोड़ से अधिक परिवारों के घरों में शौचालय बनाए गए हैं। उनके मुताबिक, स्वच्छता को लोगों के जीवन का हिस्सा बनाना गांधी जी के संदेश को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

ग्राम स्वराज के लिए गांवों में ग्राम सचिवालय

सीएम योगी ने कहा कि गांधी जी की ग्राम स्वराज की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए गांवों को स्वावलंबन का आधार बनाया जा रहा है। सरकार ने हर गांव में ग्राम सचिवालय का गठन किया है, जहां तकनीक के जरिए लोगों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय रोजगार का माध्यम भी बन रहे हैं। इनके जरिए हर गांव में चार से सात लोगों को रोजगार मिलने की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन

महात्मा गांधी की जयंती के साथ 2 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। मुख्यमंत्री ने शास्त्री जी को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जीवन सादगी, भारतीयता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

सीएम योगी ने कहा कि गांधी जी ने स्वदेशी का मंत्र दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान-जय किसान’ का उद्घोष किया। उन्होंने कहा कि इस मंत्र ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और खाद्यान्न आत्मनिर्भरता को एक साथ जोड़ने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत खाद्यान्न के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि जो देश कभी गेहूं के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, वह आज कई देशों को खाद्यान्न की आपूर्ति करने की स्थिति में है।

उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों के आदर्शों को याद रखता है और उनसे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता है, उसका भविष्य मजबूत होता है। नया भारत भी बापू के स्वच्छता, स्वदेशी, स्वावलंबन और ग्राम स्वराज के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।