उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘आधुनिक भारत का जिन्ना’ बताया। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव को ‘कलयुग का मारीच’ बताते हुए 2027 के चुनाव में सपा की हार का दावा किया।
दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के पीछे अखिलेश यादव की जिन्नावादी सोच है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हिंदू समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता के मुताबिक, सनातन का अपमान करना, लोगों को अपमानित करना और घुसपैठियों का समर्थन करना अखिलेश यादव की राजनीति की पहचान बन गई है।
‘कलयुग के मारीच हैं अखिलेश यादव’
बीजेपी प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने भी सपा प्रमुख पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनकी पार्टी भेदभाव और तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव को ‘कलयुग का मारीच’ बताते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता सपा को करारा जवाब देगी और पार्टी का सफाया हो जाएगा।
अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपनी पत्नी के अपमान पर चुप रहा, वह प्रदेश की जनता के अधिकारों की लड़ाई कैसे लड़ेगा। बीजेपी नेताओं ने इन बयानों के जरिए सपा की राजनीति और नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं।